विकासनगर के कोतवाली सहसपुर क्षेत्र में बहुचर्चित विनोद कश्यप हत्याकांड को लेकर एक बार फिर माहौल गरमा गया है। मृतक विनोद कश्यप के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी सहसपुर को ज्ञापन सौंपा है। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए थाना प्रभारी को जांच से हटाने की मांग भी उठाई है कोतवाली सहसपुर क्षेत्र के बैरागीवाला में कुछ दिन पूर्व विनोद कश्यप की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तीन मुख्य आरोपियों को हरियाणा से गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद से क्षेत्र में लगातार तनाव और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।मृतक के परिजनों का आरोप है कि उन्हें कोतवाली सहसपुर बुलाया गया, जहां उनसे समझौता करने की बात कही गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि पुलिस द्वारा उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। इन आरोपों से नाराज परिजन न्याय की मांग को लेकर कोतवाली सहसपुर पहुंचे।
मृतक के परिजनों के साथ जिला पंचायत सदस्य सुमित नेगी भी मौजूद रहे। उन्होंने पुलिस क्षेत्राधिकारी सहसपुर को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि थाना प्रभारी प्रदीप रावत को इस प्रकरण की जांच से हटाया जाए तथा मामले की जांच किसी अन्य अधिकारी या एजेंसी से कराई जाए, ताकि निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके। गौरतलब है कि इस हत्याकांड को लेकर पहले भी क्षेत्र में काफी तनाव देखने को मिला था। प्रशासन द्वारा आरोपियों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर कार्रवाई भी की गई थी। मौजूदा स्थिति को देखते हुए किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सहसपुर थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल पुलिस क्षेत्राधिकारी का कहना है कि परिजनों द्वारा दिए गए ज्ञापन का परीक्षण किया जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पूरे मामले पर सभी की निगाहें पुलिस की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
*विनोद कश्यप हत्याकांड: निष्पक्ष जांच की मांग, थाना प्रभारी को हटाने की उठी मांग*

