ब्रेकिंग न्यूज़

*”ढकरानी में लगा विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 160 से अधिक लोगों ने उठाया विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का लाभ”*

देहरादून। समाज के अंतिम व्यक्ति तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा एवं गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय द्वारा विकासनगर के ढकरानी स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय एवं राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार को एक विशाल निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया।

शिविर में विद्यार्थियों, शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों सहित 160 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद मरीजों को आगे के उपचार के लिए सुभारती अस्पताल, झाझरा रेफर भी किया।

शिविर में जनरल मेडिसिन, बाल रोग, स्त्री एवं प्रसूति रोग, त्वचा रोग, ईएनटी तथा नेत्र रोग से संबंधित विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने रक्तचाप, त्वचा संबंधी समस्याओं, आंख, कान-नाक-गला, महिला एवं बाल स्वास्थ्य से जुड़ी बीमारियों की जांच कर समय पर उपचार और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। साथ ही लोगों को मौसमी बीमारियों से बचाव, स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित व्यायाम के प्रति भी जागरूक किया गया।

शिविर में डॉ. वी. डी. सेमवाल (जनरल फिजिशियन), डॉ. अमृत राज (बाल रोग विशेषज्ञ), डॉ. शाहरुख अख्तर (त्वचा रोग विशेषज्ञ), डॉ. समृद्धि शर्मा (स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ), डॉ. ईशान चौधरी (ईएनटी विशेषज्ञ), ऑप्टोमेट्रिस्ट पंकज, नर्सिंग ऑफिसर माजिद अली, फार्मासिस्ट ममता, अंशुल धीमान एवं गोल्डी सहित मेडिकल टीम ने अपनी सेवाएं दीं। वहीं जमाल मिर्जा और सन्नी धीमान ने कैंप इंचार्ज के रूप में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई।

इस दौरान डॉ. प्रशांत कुमार भटनागर (हेड, मार्केटिंग एवं पब्लिसिटी डिवीजन) ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और लाभार्थियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि सुभारती अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रोकथाम आधारित स्वास्थ्य सेवाओं को भी बढ़ावा देना है। ऐसे शिविर लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उनके घर के निकट पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।

शिविर में पहुंचे विद्यार्थियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने निःशुल्क विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया। एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्थानीय ग्रामीणों ने भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर नियमित रूप से आयोजित करने की अपेक्षा व्यक्त की।

नंदा न्यूज़ के लिए

रिपोर्ट: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *