ब्रेकिंग न्यूज़

*”42 साल तक वर्दी का मान निभाने वाले होमगार्ड “मगन लाल” को चमोली पुलिस ने सम्मान के साथ दी भावभीनी विदाई।”*

42 साल तक वर्दी का मान निभाने वाले होमगार्ड मगन लाल को भावभीनी विदाई, चमोली पुलिस ने किया सम्मानित

रिपोर्ट: महिपाल सिंह नेगी | नंदा न्यूज

चमोली। सेवा, समर्पण और अनुशासन की मिसाल बने होमगार्ड जवान मगन लाल को 42 वर्षों की गौरवपूर्ण सेवा के बाद सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। थाना थराली में आयोजित गरिमामय समारोह में चमोली पुलिस ने उनके लंबे, निष्कलंक और समर्पित सेवाकाल को नमन करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

मगन लाल, निवासी केवर तल्ला, नारायणबगड़, ने अपने 42 वर्षों के सेवाकाल में कानून व्यवस्था बनाए रखने, चारधाम यात्रा, यातायात प्रबंधन, आपदा राहत और विभिन्न संवेदनशील ड्यूटियों में उत्तराखंड पुलिस के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य किया। कई कठिन परिस्थितियों में उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना लोगों की सुरक्षा के लिए साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। उनके सहयोग और समर्पण को पुलिस विभाग ने हमेशा सराहा।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देशानुसार पुलिस के सहयोगी होमगार्ड एवं पीआरडी जवानों के सम्मान और कल्याण को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी क्रम में 31 जुलाई 2026 को थाना थराली में उनके सेवानिवृत्ति समारोह का आयोजन किया गया।

समारोह में थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया, चौकी प्रभारी नारायणबगड़ देवेंद्र भारती, थाना स्टाफ तथा मगन लाल के परिजन मौजूद रहे। सभी ने उनके 42 वर्षों के उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उज्ज्वल एवं स्वस्थ सेवानिवृत्त जीवन की शुभकामनाएँ दीं।

विदाई समारोह उस समय भावुक हो गया जब साथियों ने उनके साथ बिताए वर्षों की यादें साझा कीं। चार दशक से अधिक समय तक पुलिस परिवार का अभिन्न हिस्सा रहे मगन लाल को सम्मानपूर्वक विदा करते हुए सभी की आँखें नम हो गईं।

नंदा न्यूज की ओर से भी होमगार्ड जवान मगन लाल को उनकी अतुलनीय सेवाओं के लिए हार्दिक सलाम। उनका सेवाकाल आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है कि वर्दी केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *