ब्रेकिंग न्यूज़

⚽ सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल तय, खिताब के लिए सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल और द दून स्कूल आमने-सामने”

⚽ सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल तय, खिताब के लिए सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल और द दून स्कूल आमने-सामने

रिपोर्ट — महिपाल सिंह नेगी, देहरादून | नंदा न्यूज

देहरादून। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में आयोजित 11वें सेलाकुई ऑल इंडिया अंडर-19 बॉयज़ इंटर-स्कूल फुटबॉल टूर्नामेंट-2026 में रोमांच अपने चरम पर पहुंच गया है। शानदार सेमीफाइनल मुकाबलों के बाद अब टूर्नामेंट का खिताबी मुकाबला तय हो गया है। फाइनल में मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल और द दून स्कूल देहरादून की टीमें आमने-सामने होंगी।

पहले सेमीफाइनल में द दून स्कूल ने वेलहम बॉयज़ स्कूल को 2-1 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। द दून स्कूल की ओर से उदय ने 15वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई, जबकि जय राणा ने 45वें मिनट में दूसरा गोल दागा। वेलहम बॉयज़ स्कूल की ओर से विवान ने 50वें मिनट में गोल कर वापसी की कोशिश की, लेकिन द दून स्कूल ने मुकाबला 2-1 से अपने नाम कर लिया।

वहीं, दूसरे सेमीफाइनल में मेजबान सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल ने कसीगा स्कूल को 2-1 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया। सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल की ओर से रहयान ने पांचवें मिनट में पहला गोल किया, जबकि अदित्य राज शंकर ने 16वें मिनट में दूसरा गोल दागकर टीम की स्थिति मजबूत कर दी। कसीगा स्कूल के अनिरुद्ध ने 55वें मिनट में गोल जरूर किया, लेकिन सेलाकुई की टीम ने बढ़त बरकरार रखते हुए मुकाबला जीत लिया।

अब दर्शकों की निगाहें फाइनल मुकाबले पर टिक गई हैं, जहां सेलाकुई इंटरनेशनल स्कूल और द दून स्कूल के बीच खिताब के लिए जोरदार भिड़ंत होगी। दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया है, ऐसे में फाइनल मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।

इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों के 10 प्रतिष्ठित विद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता में देहरादून समेत हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के प्रमुख स्कूल शामिल हैं।

टूर्नामेंट के सफल संचालन की जिम्मेदारी पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, वरिष्ठ रेफरी एवं अंतरराष्ट्रीय कोच डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत को चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर के रूप में सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में रेफरी पैनल प्रतियोगिता को निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संचालित कर रहा है।

यह प्रतियोगिता युवा फुटबॉल खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हो रही है। साथ ही विद्यालयी फुटबॉल को बढ़ावा देने और युवाओं में खेल भावना विकसित करने में भी यह टूर्नामेंट अहम भूमिका निभा रहा है।

रिपोर्ट — महिपाल सिंह नेगी, देहरादून | नंदा न्यूज

📢 ऐसी ही ताज़ी और महत्वपूर्ण खबरों के लिए नंदा न्यूज के पेज को फॉलो करें। विजिट करें — nandanews.in

YouTube channel : nanda news को भी करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *