ब्रेकिंग न्यूज़

*प्रेमनगर में पुलिस मुठभेड़, सहारनपुर का गैंगस्टर घायल; गोकशी की फिराक में आया था बदमाश*

*प्रेमनगर में पुलिस मुठभेड़, सहारनपुर का गैंगस्टर घायल; गोकशी की फिराक में आया था बदमाश*

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर देहरादून पुलिस की ओर से चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के बीच प्रेमनगर क्षेत्र में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में सहारनपुर का शातिर गैंगस्टर रईस पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, खोखे और गोकशी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, आगामी स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार चेकिंग के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 12 और 13 अगस्त की देर रात प्रेमनगर पुलिस दरू चौक के पास चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गोरखपुर चौक की ओर से बिना नंबर की काले रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध युवक पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार तेजी से वाहन दौड़ाते हुए चाय बागान की ओर फरार हो गए।

पुलिस टीम ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना दी और आसपास के थानों को भी अलर्ट किया। पीछा किए जाने पर दोनों बदमाशों ने पितांबरपुर-बनियावाला मार्ग पर मोटरसाइकिल छोड़ दी और चाय बागान की ओर भागने लगे। पुलिस टीम जब उनके पीछे पहुंची तो बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। फायरिंग में पुलिस का सरकारी वाहन भी क्षतिग्रस्त हुआ।

पुलिस के मुताबिक, अपनी जान बचाने के लिए पुलिस टीम ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के दोनों पैरों में गोली लगी। घायल बदमाश को पुलिस ने तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीमों द्वारा अभियान चलाया जा रहा है।

घायल बदमाश की पहचान 26 वर्षीय रईस पुत्र नसीम, निवासी खाताखेड़ी, थाना मंडी, जिला सहारनपुर और हाल निवासी छुटमलपुर, सहारनपुर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रईस पश्चिमी उत्तर प्रदेश का गैंगस्टर है और उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश तथा उत्तराखंड में गोकशी, पशु क्रूरता, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब डेढ़ दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फरार आरोपी की पहचान नवाब निवासी सहारनपुर के रूप में हुई है।

मौके से पुलिस ने एक 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस, एक चापड़, एक कुल्हाड़ी, दो छुरी, नायलॉन की रस्सी और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में घायल आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी नवाब के साथ सहारनपुर से देहरादून आया था। दोनों टी-स्टेट और आसपास के इलाकों में घूमने वाले आवारा गोवंश की रेकी कर गोकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में थे। पुलिस से बचने के लिए मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट भी हटा दी गई थी।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि रईस पिछले करीब दो वर्षों से प्रेमनगर क्षेत्र में हुई गोकशी की एक घटना में वांछित चल रहा था। इस मामले में प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज है और पुलिस पहले ही उसके चार साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। घटना के बाद से रईस लगातार अपने ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा।

पुलिस पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली प्रेमनगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी नवाब की तलाश के साथ-साथ पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।

मुठभेड़ की सूचना के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पुलिस टीम में कोतवाली प्रेमनगर प्रभारी निरीक्षक नरेश सिंह राठौड़, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार, उपनिरीक्षक जैनेंद्र राणा समेत कांस्टेबल रवि शंकर, पंकज कुमार और श्रीकांत मलिक शामिल रहे।

देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई को स्वतंत्रता दिवस से पहले चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और किसी भी आपराधिक वारदात को रोकने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।

रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

नंदा न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *