

देहरादून। स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) प्रदीप कुमार भारद्वाज ने विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण, अनुशासन एवं कर्तव्यबोध का संदेश दिया।
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ राकेश सुंदरियाल ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अपने अधिकारों के साथ-साथ राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों की भी याद दिलाता है। युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश की प्रगति में योगदान देना चाहिए।
संस्था के सचिव बाल कृष्ण चमोली ने सभी कर्मियों का धन्यवाद करते हुए कहा कि, प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का पूरी ईमानदारी और निष्ठा से निर्वहन करना देश सेवा में एक अहम योगदान होता है, उन्होंने छात्रों से अपील की वह अपने शैक्षणिक कार्य के साथ ही समाज से जुड़े,जीवन के अनुभव से रूबरू हों,यह उनके भविष्य में एक पूंजी की तरह संचित ज्ञान होगा।
इसके बाद सेमिनार हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। बीएएमएस बैच 2025 के विद्यार्थियों ने सामूहिक नृत्य, योग विद्यार्थियों ने योग प्रस्तुति तथा नर्सिंग विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य एवं देशभक्ति पर आधारित नाट्य प्रस्तुति दी।
बीएएमएस बैच 2025 की छात्रा स्नेहा सिहाग ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने विचार व्यक्त करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया।
इस दौरान ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव अरविंद अरोरा, संयुक्त निदेशक डॉ प्रदीप कोठियाल, हिमालय आयुर्वैदिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर जी. एस. इंदौरिया, प्रशासनिक अधिकारी डॉ. निशांत राय जैन सहित अध्यापक गण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
![]()

