ब्रेकिंग न्यूज़

“अमरनाथ ड्यूटी से लौटते हुए देश सेवा में शहीद हुए ITBP जवान प्रदीप कुमार, नारायणबगड़ में नम आंखों से दी अंतिम विदाई”

“अमरनाथ ड्यूटी से लौटते हुए देश सेवा में शहीद हुए ITBP जवान प्रदीप कुमार, नारायणबगड़ में नम आंखों से दी अंतिम विदाई”

चमोली/नारायणबगड़। देश सेवा के दौरान ITBP के वीर जवान प्रदीप कुमार के शहीद होने की खबर से चमोली जनपद के नारायणबगड़ क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अमरनाथ यात्रा ड्यूटी निभाने के बाद पठानकोट में देश सेवा करते हुए 15 अगस्त 2026 को प्रदीप कुमार के शहीद होने की सूचना मिलते ही उनके पैतृक गांव दूंगरी, विकासखंड नारायणबगड़ में मातम पसर गया।

आज ITBP के जवानों और अधिकारियों की मौजूदगी में शहीद प्रदीप कुमार का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव लाया गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, महिलाएं, पुरुष और बच्चे उमड़ पड़े। हर आंख नम थी और पूरा क्षेत्र भारत माता के वीर सपूत को अंतिम विदाई देने के लिए एकजुट नजर आया।

बताया गया है कि प्रदीप कुमार करीब 14 से 15 वर्ष पहले ITBP की 13वीं बटालियन में भर्ती हुए थे। वर्तमान में वे ITBP की 23वीं बटालियन में कांस्टेबल/GD के रूप में देश सेवा कर रहे थे। अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी के बाद पठानकोट में तैनाती के दौरान उन्होंने देश की सेवा करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया।

प्रदीप कुमार तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके दो छोटे भाई निजी क्षेत्र में नौकरी करते हैं। शहीद अपने पीछे करीब 11-12 वर्ष के एक पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार के सबसे बड़े बेटे के इस तरह चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नारायणबगड़ के पैतृक घाट पर सरकारी सम्मान और सैन्य सलामी के साथ शहीद प्रदीप कुमार का अंतिम संस्कार किया गया। ITBP के जवानों और अधिकारियों ने उन्हें अंतिम सलामी दी। इस दौरान देशभक्ति के नारों और नम आंखों के बीच क्षेत्रवासियों ने अपने वीर सपूत को अंतिम विदाई दी।

प्रदीप कुमार की शहादत ने एक बार फिर यह याद दिलाया कि देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाने वाले हमारे जवान अपने परिवार और अपनों से दूर रहकर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए हर परिस्थिति में डटे रहते हैं।

नारायणबगड़ की धरती ने आज अपने वीर सपूत को खोया है, लेकिन प्रदीप कुमार की शहादत हमेशा क्षेत्र और देशवासियों के दिलों में जिंदा रहेगी।

रिपोर्ट: महिपाल सिंह नेगी | नंदा न्यूज

ताजा और विश्वसनीय खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *