“रायवाला में नशा तस्कर गिरफ्तार, 6.66 ग्राम स्मैक बरामद”
देहरादून। नशे के खिलाफ दून पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। रायवाला पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को 6.66 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अनुमानित कीमत दो लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रायवाला कोतवाली की पुलिस टीम ने 24 अगस्त को मोतीचूर फ्लाईओवर के पास अंडरपास में चेकिंग के दौरान संदिग्ध युवक को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संतोष शर्मा (25) पुत्र अशोक शर्मा, निवासी प्रेम विहार चौक के पास हरिपुरकला, थाना रायवाला के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 6.66 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रायवाला कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 137/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
*पूछताछ में सामने आया नशे के कारोबार का कनेक्शन*
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ऑटो चलाने का काम करता है और खुद भी नशे का आदी है। उसके मुताबिक, वह पावनधाम के पास एक स्थानीय नशेड़ी से स्मैक सस्ते दामों में खरीदकर लाया था। इसके बाद वह इसे स्थानीय नशेड़ियों को महंगे दामों में बेचकर मुनाफा कमाने की फिराक में था।
पुलिस आरोपी से नशे की सप्लाई के स्रोत और उसके संपर्कों के संबंध में पूछताछ कर रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक रघुबीर कपरवाण, हेड कांस्टेबल कुलबीर सिंह, कांस्टेबल आनंद कुमार, कांस्टेबल जसबीर कुमार और कांस्टेबल प्रवीण सैनी शामिल रहे।

