ब्रेकिंग न्यूज़

*मुख्यमंत्री धामी को दिया मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव का निमंत्रण*

मुख्यमंत्री धामी को दिया मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव का निमंत्रण

 

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल में आगामी 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले 124वें श्री मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव को भव्य एवं गरिमापूर्ण स्वरूप देने की तैयारियां तेज हो गई हैं। महोत्सव को लेकर प्रशासन, श्री राम सेवक सभा और विभिन्न विभागों के बीच बैठकों का दौर जारी है। इसी क्रम में नैनीताल विधायक सरिता आर्या के नेतृत्व में श्री राम सेवक सभा के पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी एवं नामित सदस्य आनंद सिंह बिष्ट ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कैबिनेट मंत्रियों को महोत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि नैनीताल में हर वर्ष आयोजित होने वाला मां नंदा-सुनंदा देवी महोत्सव उत्तराखंड की लोक आस्था, संस्कृति और परंपराओं का प्रमुख पर्व है। इस वर्ष भी इसे व्यापक स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।

महोत्सव की तैयारियों को लेकर श्री राम सेवक सभा भवन में उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता मनोज साह ने की, जबकि संचालन डॉ. ललित तिवारी ने किया। पूर्व अध्यक्ष मुकेश जोशी ने अतिथियों का स्वागत किया और महासचिव जगदीश बवाड़ी ने महोत्सव की रूपरेखा प्रस्तुत की।

उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक ने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की थीम “संस्कार, संस्कृति एवं समृद्ध विरासत” रखी गई है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति और परंपराओं को व्यापक मंच दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। महोत्सव स्थल पर सीसीटीवी कैमरों के साथ सादे कपड़ों में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी।

बैठक में महोत्सव स्थल पर दुकानों की व्यवस्थित व्यवस्था, मैदान को समतल करने, साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। इसके अलावा कुमाऊं की पारंपरिक हिल जात्रा को भी महोत्सव में प्रदर्शित किए जाने की योजना पर चर्चा हुई। महोत्सव की गतिविधियों का सीधा प्रसारण कराने की व्यवस्था पर भी विचार किया गया।

श्री राम सेवक सभा के महासचिव जगदीश बवाड़ी ने आमजन के साथ-साथ मातृशक्ति से भी महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग की अपील की। महिलाओं से कुमाऊंनी पारंपरिक परिधान में महोत्सव में शामिल होने का आह्वान किया गया। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से महिलाओं से सोने के आभूषणों का कम से कम इस्तेमाल करने की अपील की गई।

बैठक में नगर निकाय और पुलिस प्रशासन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने आपसी समन्वय के साथ कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि युवा पीढ़ी को उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं से जोड़ना भी महोत्सव का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

बैठक को ईओ रोहितास शर्मा और सीओ अंजना नेगी ने भी संबोधित किया। इस दौरान रंजीत नेगी, कीर्ति आर्य, गिरिजा जोशी, एसएम गुरुरानी, दिनेश जोशी, पंकज कुमार, अनिल कुमार, संजय कुमार, दीपक शर्मा, भास्कर जोशी, देवेंद्र सिंह नेगी, आरएस रावत, एएस रावत, देवेंद्र लाल साह, अंशुल ओझा, प्रियंक पांडे, अशोक साह, विमल चौधरी, ललित साह, राजेंद्र लाल साह, कमलेश ढौंडियाल, भुवन बिष्ट, भीम सिंह कार्की, मोहित लाल साह, हरीश राणा, प्रदीप जेठी और दिनेश भट्ट सहित अनेक लोग मौजूद रहे!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *