ब्रेकिंग न्यूज़

“पार्किंग विवाद में कार सवार से मारपीट, चार गिरफ्तार”

पार्किंग विवाद में कार सवार से मारपीट, चार गिरफ्तार,

सरेराह गुंडई दिखाने वालों पर दून पुलिस का शिकंजा, सीसीटीवी फुटेज से हुई आरोपियों की पहचान,

देहरादून। कार पार्किंग को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति से सरेराह मारपीट और उसकी कार में तोड़फोड़ करने के मामले में बसंत विहार पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त वाहनों को भी सीज कर दिया है। कार्रवाई को एसएसपी देहरादून की अपराधियों के खिलाफ चल रही सख्ती से जोड़कर देखा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को कैलाशपुरी, बल्लूपुर रोड निवासी नवीन भाटिया ने थाना बसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि कार पार्किंग को लेकर साहिल नाम के युवक से उनकी कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद साहिल अपने अन्य साथियों के साथ चकराता रोड स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास पहुंचा और कार सवार नवीन भाटिया के साथ मारपीट की। इस दौरान उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य जानकारियों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों की पहचान की और मंगलवार को चारों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोन्टू सोनकर (24), सोहेल सोनकर (19), कुणाल सोनकर (21) और साहिल (22) के रूप में हुई है। इनमें साहिल बिजनौर, उत्तर प्रदेश का निवासी है, जबकि अन्य आरोपी देहरादून के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले हैं।

पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थान पर कानून व्यवस्था बिगाड़ने और मारपीट जैसी घटनाओं को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसएसपी दून के निर्देश पर ऐसे मामलों में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ त्वरित वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *