ब्रेकिंग न्यूज़

जानलेवा हमले के मामले में छह महीने से फरार आरोपी गिरफ्तार

मामूली विवाद में कार से बाइक को टक्कर मारकर जान से मारने का प्रयास, पटेलनगर पुलिस की कार्रवाई

देहरादून। मामूली विवाद के बाद जानलेवा हमला करने के मामले में पटेलनगर पुलिस ने करीब चार महीने से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की लगातार दबिश और सुरागरसी के बाद आरोपी उदित को 31 अगस्त को दून अस्पताल के पास से गिरफ्तार किया गया। इस मामले में मुख्य नामजद आरोपी हार्दिक शर्मा को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।

मामला 20 अप्रैल 2026 का है। नयागांव सेवलाखुर्द, चंद्रबनी निवासी हर्ष वालिया ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि मामूली विवाद के बाद हार्दिक शर्मा और उसके अन्य साथियों ने कथित तौर पर जान से मारने की नीयत से उसकी मोटरसाइकिल को आई-20 कार संख्या UK-07-DE-6267 से टक्कर मारी और उस पर कार चढ़ाने का प्रयास किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।

शिकायत के आधार पर पटेलनगर कोतवाली में मु0अ0सं0 255/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2 मई 2026 को मामले में नामजद मुख्य आरोपी हार्दिक शर्मा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वहीं दूसरा नामजद आरोपी उदित पुत्र पंकज घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही थी।

आखिरकार पुलिस को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर 31 अगस्त को आरोपी उदित को दून अस्पताल के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की उम्र 23 वर्ष बताई गई है और वह मेरठ, उत्तर प्रदेश का निवासी है।

पुलिस टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, चौकी प्रभारी आईएसबीटी, तथा कांस्टेबल नितिन कुमार शामिल रहे!

पटेलनगर पुलिस की यह कार्रवाई बताती है कि गंभीर आपराधिक मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस लगातार दबाव बनाए हुए है। घटना के बाद लंबे समय तक गिरफ्तारी से बचते रहे आरोपी तक पहुंचना पुलिस की लगातार की गई कार्रवाई का परिणाम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *