ब्रेकिंग न्यूज़

पटेल नगर में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली,

शिमला बायपास फायरिंग का आरोपी निकला घायल बदमाश, साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार,
देहरादून। पटेल नगर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान नामक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घायल बदमाश अंकित चौहान ने कुछ दिन पूर्व शिमला बायपास रोड पर एक व्यक्ति को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की थी। जांच में सामने आया कि कथित तौर पर घायल व्यक्ति की पुरानी महिला मित्र से ₹5 लाख में उसे रास्ते से हटाने का सौदा किया गया था।
बताया जा रहा है कि सौदे के तहत तय रकम में से शेष राशि लेने के लिए आरोपी शुक्रवार को अपने साथी के साथ दोबारा देहरादून आया था। इसी दौरान पुलिस को उसकी मौजूदगी की सूचना मिली और घेराबंदी के बाद मुठभेड़ शुरू हो गई।
मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से अंकित चौहान घायल हो गया, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने आसपास के इलाकों में सर्च अभियान तेज कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक घटनाओं में संलिप्तता का रिकॉर्ड रहा है और वह जेल जा चुका है। मामले में पुलिस आगे की जांच और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *