ब्रेकिंग न्यूज़

CM धामी के जन्मदिन पर मुख्यमंत्री आवास में उमड़ा स्नेह, मंत्री-अधिकारी और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं,

पुष्पगुच्छ लेकर पहुंचे शुभचिंतक, दिनभर बधाई देने वालों का लगा रहा तांता—धामी ने जताया सभी का आभार,

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस पर बुधवार को मुख्यमंत्री आवास में आत्मीयता और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए प्रदेश सरकार के मंत्रीगण, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और अधिकारी-कर्मचारी दिनभर मुख्यमंत्री आवास पहुंचते रहे।

इस दौरान शुभकामनाएं देने पहुंचे लोगों ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके स्वस्थ, सुखी और दीर्घायु जीवन की कामना की। लंबे समय से मुख्यमंत्री के साथ कार्य कर रहे मंत्री, जनप्रतिनिधि और अधिकारी-कर्मचारी भी जन्मदिन की बधाई देने के लिए उत्साहित नजर आए।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी का आत्मीयता से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि साथियों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से मिला स्नेह और शुभकामनाएं उनके लिए विशेष महत्व रखती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सेवा एक सामूहिक जिम्मेदारी है और सभी के सहयोग एवं समन्वय से ही प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की जनता और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक की सेवा करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश को आगे ले जाने के लिए सरकार, जनप्रतिनिधियों और शासन-प्रशासन की टीम भावना से कार्य करना जरूरी है।

मुख्यमंत्री आवास पर दिनभर बधाई एवं शुभकामनाओं का सिलसिला जारी रहा। इस अवसर पर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ, अपर सचिव बंशीधर तिवारी समेत शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी भी मुख्यमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंचे।

रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *