युवा संकल्प दिवस में मुख्यमंत्री का आह्वान—बड़ा लक्ष्य तय करें, नशे से दूर रहें और सफलता का कुछ हिस्सा उत्तराखंड के विकास को दें
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने जन्मदिवस को युवाओं के बीच “युवा संकल्प दिवस” के रूप में मनाते हुए प्रदेश की युवा शक्ति को विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला बताया। बुधवार को रेंजर्स ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, नशे से दूर रहने और अपनी सफलता में उत्तराखंड की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अपने जन्मदिवस पर युवा शक्ति के बीच उपस्थित होना उनके लिए सबसे बड़ा उपहार है। युवाओं की ऊर्जा, उत्साह और संकल्प उन्हें भी नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं की आंखों में उन्हें भविष्य का विकसित और आत्मनिर्भर उत्तराखंड दिखाई देता है।
2047 के विकसित भारत में युवाओं की बड़ी भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को पूरा करने में आज के युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। जब देश स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब वर्तमान युवा पीढ़ी विभिन्न क्षेत्रों में देश और प्रदेश का नेतृत्व कर रही होगी।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के साथ विकसित उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में युवाओं की प्रतिभा, मेहनत और नवाचार महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
रोजगार तलाशने वाले नहीं, रोजगार देने वाले बनें युवा
धामी ने कहा कि सरकार युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, स्वरोजगार, स्टार्टअप और खेल समेत विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के युवाओं को अपने सपनों को पूरा करने के लिए मजबूरी में अपना घर, गांव और प्रदेश न छोड़ना पड़े।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से केवल नौकरी तलाशने तक सीमित न रहने और उद्यमिता के माध्यम से रोजगार सृजित करने वाला बनने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और डिजिटल तकनीक तेजी से रोजगार और उद्योग की तस्वीर बदल रहे हैं। ऐसे में युवाओं को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ना जरूरी है।
युवा आयोग से नीति निर्माण में युवाओं की भागीदारी
मुख्यमंत्री ने राज्य युवा आयोग के गठन को युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को नीति निर्माण से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं से संबंधित नीतियां बनाते समय उनकी आवाज और भागीदारी भी सुनिश्चित की जानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि पर्यटन, होमस्टे और स्थानीय उत्पादों के जरिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाए जा रहे हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में औद्योगिक विकास और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में विशेष औद्योगिक क्षेत्रों के विकास का निर्णय लिया गया है।
खेल से लेकर भर्ती तक—युवाओं पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड की पहचान खेलभूमि के रूप में भी मजबूत हुई है।
उन्होंने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और युवाओं के हितों की रक्षा का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य में कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी भी नियुक्ति के पीछे सिर्फ एक आंकड़ा नहीं, बल्कि किसी युवा की मेहनत और उसके परिवार की उम्मीदें जुड़ी होती हैं।
नशे के खिलाफ युवाओं से सीधी अपील

मुख्यमंत्री ने बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता जताते हुए युवाओं से इससे दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल शरीर को कमजोर नहीं करता, बल्कि व्यक्ति के सपनों और भविष्य को भी प्रभावित करता है।
उन्होंने युवाओं से तकनीक और मोबाइल का सकारात्मक इस्तेमाल करने तथा सोशल मीडिया पर मिलने वाली आधी-अधूरी और भ्रामक सूचनाओं को तथ्यों की कसौटी पर परखने की भी अपील की।
जन्मदिन पर मांगा ‘तीन संकल्पों का गुलदस्ता’
मुख्यमंत्री धामी ने अपने जन्मदिवस पर युवाओं से तीन संकल्प लेने का आह्वान किया—
पहला— जीवन में एक बड़ा लक्ष्य तय कर उसे हासिल करने के लिए पूरी मेहनत करना।
दूसरा— स्वयं नशे से दूर रहना और अपने साथियों को भी नशे से दूर रखना।
तीसरा— जीवन में जिस भी क्षेत्र में सफलता मिले, अपनी क्षमता, ज्ञान और अनुभव का कुछ अंश उत्तराखंड के विकास के लिए समर्पित करना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक, खिलाड़ी, शिक्षक, उद्यमी या जनसेवक किसी भी क्षेत्र में जाएं, लेकिन सबसे पहले एक अच्छा इंसान और जिम्मेदार नागरिक बनें।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास, गणेश जोशी, राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक विनोद चमोली, सविता कपूर, बृजभूषण गैरोला, देहरादून मेयर सौरभ थपलियाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून
नंदा न्यूज़ | नंदान्यूज.इन

