ब्रेकिंग न्यूज़

केदारनाथ पैदल यात्रा पर बड़ा अपडेट: सुबह 9 बजे के बाद ही सोनप्रयाग से आगे बढ़ेंगे श्रद्धालु

केदारनाथ पैदल यात्रा पर बड़ा अपडेट: सुबह 9 बजे के बाद ही सोनप्रयाग से आगे बढ़ेंगे श्रद्धालु

चीरवासा में क्षतिग्रस्त पैदल मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए सुबह 6 से 9 बजे तक चलेगा विशेष कार्य—यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए प्रशासन का फैसला

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम की पैदल यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने श्रद्धालुओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। गौरीकुण्ड से करीब ढाई किलोमीटर ऊपर चीरवासा के पास क्षतिग्रस्त हुए पैदल मार्ग के सुधारीकरण और चौड़ीकरण का कार्य 19 सितम्बर की सुबह किया जाएगा।

दिन के समय श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही के चलते मार्ग पर निर्माण कार्य करने में परेशानी आ रही थी। ऐसे में संबंधित कार्यदायी संस्था लोक निर्माण विभाग (लो.नि.वि.) द्वारा सुबह के समय मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने का निर्णय लिया गया है।

सुबह 6 से 9 बजे तक चलेगा काम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 सितम्बर 2026 को सुबह 6 बजे से 9 बजे तक चीरवासा क्षेत्र में पैदल मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जाएगा। इस दौरान यात्रियों की आवाजाही को नियंत्रित रखा जाएगा, ताकि निर्माण कार्य सुरक्षित तरीके से पूरा किया जा सके।

सुबह 9 बजे के बाद सोनप्रयाग से श्रद्धालुओं को गौरीकुण्ड और केदारनाथ पैदल मार्ग के लिए रवाना किया जाएगा।

प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में केदारनाथ धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए चीरवासा के इस क्षतिग्रस्त हिस्से को समय रहते चौड़ा और मजबूत करना बेहद जरूरी है। इससे आगामी दिनों में यात्रा को अधिक सुचारु एवं सुरक्षित तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

यात्रियों से सहयोग की अपील

कोतवाली सोनप्रयाग पुलिस की ओर से स्थानीय स्तर पर अनाउंसमेंट कर श्रद्धालुओं को इस व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है। साथ ही सोशल मीडिया के माध्यम से भी केदारनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे स्थानीय प्रशासन और पुलिस प्रशासन की व्यवस्था में सहयोग करें और निर्धारित समय का ध्यान रखते हुए ही यात्रा शुरू करें।

नंदा न्यूज़ अपील:

केदारनाथ यात्रा पर निकलने वाले श्रद्धालु 19 सितम्बर को सुबह 9 बजे से पहले सोनप्रयाग से पैदल यात्रा शुरू करने की योजना न बनाएं और प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए यात्रा करें।

स्रोत: जिला प्रशासन एवं जिला पुलिस, रुद्रप्रयाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *