नशा तस्करों पर शिकंजा, त्योहारों में सुरक्षा का ब्लूप्रिंट तैयार… लापरवाही पर कार्रवाई का अल्टीमेटम
देहरादून। अपराधियों पर शिकंजा कसने और त्योहारी सीजन में कानून-व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए देहरादून पुलिस ने अपनी कमर कस ली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 19 सितंबर को मैराथन क्राइम मीटिंग में अधीनस्थ अधिकारियों के साथ अपराध और पुलिसिंग व्यवस्था की बिंदुवार समीक्षा की और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए।
🔥 नशा तस्करों की अब खैर नहीं!
क्राइम मीटिंग में नशे के कारोबार को लेकर एसएसपी का रुख बेहद सख्त नजर आया। थाना प्रभारियों को नशा तस्करों और पूर्व में सामने आ चुके अभियुक्तों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।
आदतन नशा तस्करों की हिस्ट्रीशीट खोलने और अवैध संपत्ति को चिन्हित कर जब्तीकरण की कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए।
साफ संदेश दिया गया कि किसी थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार से जुड़ी शिकायत सामने आने के बाद यदि पुलिस स्तर पर लापरवाही मिली तो संबंधित थाना प्रभारी की जवाबदेही तय होगी।
🚨 त्योहारों से पहले पुलिस अलर्ट मोड पर
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए बाजारों, प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।

शाम और रात की चेकिंग बढ़ेगी… संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाई जाएगी।
क्षेत्राधिकारियों को भी दिन और रात अपने-अपने सर्किल में भ्रमण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लेने के निर्देश दिए गए।
🔥 फायर सेफ्टी में लापरवाही पड़ी भारी तो होगी कार्रवाई
अस्पताल, होटल, रेस्टोरेंट, मुख्य बाजार और पटाखों के गोदाम अब पुलिस और अग्निशमन विभाग की निगरानी में रहेंगे।
इन स्थानों का फायर ऑडिट कराने के निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा मानकों में कमी मिलने पर नोटिस जारी होगा और तय समय में कमियां दूर नहीं हुईं तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
🗳️ आगामी चुनावों को लेकर भी पुलिस की तैयारी तेज
चुनावों के मद्देनजर असामाजिक और उपद्रवी तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
वहीं सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी। भ्रामक खबरें प्रचारित या प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
🚦 त्योहारी भीड़ के बीच ट्रैफिक व्यवस्था पर भी फोकस
बाजारों और प्रमुख मार्गों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए थाना प्रभारियों को स्थानीय स्तर पर प्रभावी यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी न हो।
📂 लंबित विवेचनाओं पर एसएसपी का सख्त रुख
क्राइम मीटिंग में लंबित विवेचनाओं की सर्किलवार समीक्षा की गई।
छह माह से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
विवेचनाओं को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर सिर्फ विवेचक ही नहीं, बल्कि संबंधित थाना प्रभारी की भी जवाबदेही तय करने और विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
👮 थाने पहुंचने वाले पीड़ितों की शिकायतों में देरी नहीं चलेगा

एसएसपी ने साफ निर्देश दिए कि जनता की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाए और प्रार्थना पत्रों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
पीड़ित की शिकायत पर त्वरित वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने और लापरवाही मिलने पर जिम्मेदारी तय करने के निर्देश दिए गए।
💻 साइबर अपराध पर भी पुलिस का फोकस
साइबर शिकायतों, ई-जीरो एफआईआर और नेशनल क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल की भी समीक्षा की गई।
साइबर अपराध, महिला एवं बाल अपराध, चोरी और अन्य आपराधिक मामलों में तेजी से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
⚡ एसएसपी का सख्त संदेश
अपराध नियंत्रण में ढिलाई नहीं… नशे के कारोबार पर कार्रवाई में लापरवाही नहीं… जनता की शिकायतों को लंबित रखने की छूट नहीं।
देहरादून पुलिस को अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था, यातायात और जनशिकायतों के निस्तारण में पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।
रिपोर्टिंग — महिपाल सिंह नेगी, देहरादून
आप देख रहे हैं नंदा न्यूज़।

