ब्रेकिंग न्यूज़

नारायणबगड़–किमोली मोटर मार्ग पर डामरीकरण शुरू, ग्रामीणों में खुशी की लहर,

नारायणबगड़–किमोली मोटर मार्ग पर डामरीकरण शुरू, ग्रामीणों में खुशी की लहर

ग्राम प्रधान सुरेंद्र लाल ‘सूरी भाई’ के लगातार प्रयास रंग लाए, नंदा न्यूज़ की जून में प्रकाशित रिपोर्टिंग के बाद सड़क की बदहाली का मुद्दा फिर सुर्खियों में,

नारायणबगड़/चमोली। लंबे समय से जर्जर हालत में पड़े नारायणबगड़–किमोली मोटर मार्ग पर आखिरकार डामरीकरण का कार्य शुरू हो गया है। लोक निर्माण विभाग थराली, जनपद चमोली की ओर से आज से सड़क पर डामरीकरण का कार्य शुरू किए जाने से क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी की लहर है।

सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर ग्राम पंचायत किमोली के प्रधान सुरेंद्र लाल उर्फ ‘सूरी भाई’ लगातार प्रयासरत थे। ग्रामीणों की समस्या को संबंधित विभाग और अधिकारियों के समक्ष उठाते हुए सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग को लेकर उनके प्रयास अब धरातल पर नजर आने लगे हैं।

गौरतलब है कि नंदा न्यूज़ ने जून 2026 में नारायणबगड़–किमोली मोटर मार्ग की जर्जर हालत को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर के माध्यम से सड़क की बदहाली और ग्रामीणों को हो रही परेशानियों को सामने लाया गया था। इसके बाद सड़क के सुधारीकरण को लेकर स्थानीय स्तर पर भी प्रयास तेज हुए।

अब लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क पर डामरीकरण का कार्य शुरू किए जाने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने सड़क का कार्य शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया है।

ग्राम प्रधान सुरेंद्र लाल ‘सूरी भाई’ के प्रयासों और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग के बाद शुरू हुए इस कार्य से क्षेत्रवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है। अब ग्रामीणों की नजर डामरीकरण कार्य की गुणवत्ता और इसे निर्धारित मानकों के अनुरूप समय पर पूरा किए जाने पर है।

रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, चमोली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *