ब्रेकिंग न्यूज़

दिनदहाड़े पत्नी की गोली मारकर हत्या, क्लेमेनटाउन में सनसनी

पुलिस को खुद फोन कर पति ने दी हत्या की सूचना, मौके से फरार; तलाश में जुटीं पुलिस की टीमें,।

देहरादून। क्लेमेनटाउन थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह गोली मारकर महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब छह बजे धीरज पंवार नामक व्यक्ति ने कंट्रोल रूम को फोन कर कथित तौर पर अपनी पत्नी को गोली मारने की सूचना दी। सूचना देने के बाद उसका मोबाइल फोन लगातार स्विच ऑफ मिला।

पुलिस टीम ने कॉल की लोकेशन के आधार पर जांच आगे बढ़ाई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान एक प्लॉट के भीतर बने कमरे से 26 वर्षीय काजल पत्नी धीरज पंवार मृत अवस्था में मिलीं। पुलिस के अनुसार महिला की मौत गोली लगने से हुई।

काजल अपने पति धीरज पंवार के साथ ईदगाह रोड, सुभाष नगर क्षेत्र में रह रही थीं। पुलिस को मौके पर यह भी जानकारी मिली कि पति-पत्नी के बीच पिछले कुछ दिनों से विवाद चल रहा था।

घटना की सूचना के बाद पुलिस और फील्ड यूनिट ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की। मृतका के भाई की तहरीर के आधार पर थाना क्लेमेनटाउन में हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस ने आरोपी पति की तलाश के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया है और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। पुलिस हत्या के कारणों और घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।

नन्दा न्यूज देहरादून.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *