कार्यकर्ताओं से संवाद कर जताया आभार, आरोपों पर बोले—‘मुझे बदनाम करने की साजिश’; आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दौरा सियासी गलियारों में चर्चा का विषय
देहरादून। लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के देवभूमि आगमन के साथ ही प्रदेश की सियासत में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। उत्तराखंड पहुंचने के बाद हरीश रावत ने मानक सिद्ध मंदिर, कार्बारी ग्रांट में पहुंचकर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।
हरीश रावत के मंदिर पहुंचने की सूचना पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक भी मौके पर जुटे। कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान रावत ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्हें मिले स्नेह और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान नंदा न्यूज़ के संवाददाता ने हरीश रावत से उनके ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को लेकर सवाल किया। जवाब में रावत ने अपने ऊपर लगाये गये आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि उन्हें बदनाम करने की साजिश रची जा रही है।
हरीश रावत ने कहा, “मैंने किसी से एक रुपया तो छोड़िए, किसी की एक चाय भी नहीं पी है।” उन्होंने अपने ऊपर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया और कहा कि उनके खिलाफ बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
आगामी विधानसभा चुनाव से पहले दौरा बना चर्चा का विषय
हरीश रावत के उत्तराखंड दौरे को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी गलियारों में चर्चा का विषय माना जा रहा है। उनके सार्वजनिक कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और संबोधन के बाद राजनीतिक हलकों में इस दौरे को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। विभिन्न राजनीतिक दलों में भी प्रदेश की आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर हलचल बढ़ने की बात कही जा रही है।
हालांकि, हरीश रावत के इस दौरे को लेकर आगे उनकी राजनीतिक सक्रियता क्या रूप लेती है, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
रिपोर्टिंग : महिपाल सिंह नेगी, देहरादून
नंदा न्यूज़ |
हमारे पेज को फोलो करें nandanews.in

