ब्रेकिंग न्यूज़

“सात साल से लापता पति की तलाश हुई पूरी, रुद्रप्रयाग पुलिस ने परिवार से मिलाया”

सात साल से लापता पति की तलाश हुई पूरी, रुद्रप्रयाग पुलिस ने परिवार से मिलाया,

मोबाइल नंबर के जरिए पुलिस ने जुटाई सुराग, सात साल बाद घर लौटा गणेश प्रसाद; मां, पत्नी और बेटियों के बीच लौटी खुशियां,

रुद्रप्रयाग। करीब सात वर्षों से घर से दूर चल रहे एक व्यक्ति को रुद्रप्रयाग पुलिस ने तलाश कर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस की पहल के बाद व्यक्ति को उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया। लंबे इंतजार के बाद परिवार को अपना सदस्य वापस मिलने से परिजनों में खुशी का माहौल है।

जानकारी के अनुसार ग्राम बगजीवाला निवासी महिला ने अगस्त माह में रुद्रप्रयाग पुलिस को बताया कि उनके पति गणेश प्रसाद पुत्र सतेश्वर प्रसाद करीब सात वर्ष पहले रोजगार के सिलसिले में घर से बाहर गए थे। शुरुआती वर्षों में वह परिवार को अपनी कुशलक्षेम की जानकारी देते रहे और घर लौटने का आश्वासन भी देते रहे, लेकिन समय बीतने के बावजूद वह वापस नहीं लौटे।

महिला के अनुसार बाद में उन्हें जानकारी मिली कि उनके पति अपनी मां से तो बातचीत करते हैं, लेकिन पत्नी और तीन बेटियों से संपर्क नहीं रखते। महिला ने स्वयं भी उनसे बातचीत कर घर लौटने का आग्रह किया, लेकिन उन्होंने घर आने से साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने अपनी परेशानी रुद्रप्रयाग पुलिस के सामने रखी।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित व्यक्ति के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन और अन्य जानकारी जुटाने के लिए सुरागरसी-पतारसी शुरू की। पुलिस टीम के प्रयासों से गणेश प्रसाद के संबंध में जानकारी हासिल की गई और उन्हें रुद्रप्रयाग लाया गया।

20 सितंबर 2026 को पुलिस ने गणेश प्रसाद को उनकी मां, पत्नी, मामा और साले के सुपुर्द कर दिया। सात वर्षों के लंबे इंतजार के बाद परिवार के बीच लौटे गणेश प्रसाद से मिलकर परिजनों की आंखों में खुशी साफ नजर आई।

रुद्रप्रयाग पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि पुलिस की भूमिका केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरत के समय वह परिवारों को उनके बिछड़े सदस्यों से मिलाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

नन्दा न्यूज देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *