*अग्निशमन उपकरणों एवं फायर हाइड्रेंट की कार्यशीलता का किया गया परीक्षण।*
श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यात्रा मार्ग पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस एवं फायर सर्विस द्वारा होटल, प्रतिष्ठानों एवं अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का नियमित रूप से अग्नि सुरक्षा निरीक्षण किया जा रहा है।
आज दिनांक 24.09.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, अग्निशमन एवं आपात सेवा, उत्तराखण्ड, देहरादून एवं पुलिस अधीक्षक, रुद्रप्रयाग के आदेश/निर्देशों के अनुपालन में अग्निशमन अधिकारी श्री शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में फायर सर्विस टीम द्वारा श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग के प्रमुख पड़ावों सोनप्रयाग, सीतापुर एवं रामपुर में संचालित होटल एवं अन्य प्रतिष्ठानों का अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान होटल एवं प्रतिष्ठानों में उपलब्ध प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों, अग्निशमन यंत्रों, आपातकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं अन्य अग्नि सुरक्षा मानकों का गहनता से परीक्षण किया गया। साथ ही प्रतिष्ठान संचालकों एवं कर्मचारियों को अग्नि दुर्घटना की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, अग्निशमन उपकरणों के सही उपयोग तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया के सम्बन्ध में आवश्यक जानकारी एवं दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा सम्बन्धी कमियां पाई गईं, सम्बन्धित प्रतिष्ठान संचालकों को नोटिस जारी किए गए तथा निर्धारित समयावधि के भीतर कमियों को दूर कर आवश्यक सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त फायर सर्विस टीम द्वारा सोनप्रयाग पार्किंग का भी अग्नि सुरक्षा के दृष्टिगत निरीक्षण किया गया। पार्किंग क्षेत्र में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए आपात स्थिति में अग्निशमन वाहनों की पहुंच एवं आवश्यक व्यवस्थाओं का भी परीक्षण किया गया।

तदोपरान्त सीतापुर पार्किंग स्थित फायर हाइड्रेंट का निरीक्षण कर उनकी कार्यशीलता का परीक्षण किया गया। यह सुनिश्चित किया गया कि आपात स्थिति में अग्निशमन वाहनों को पर्याप्त जलापूर्ति उपलब्ध हो सके और किसी भी अग्नि दुर्घटना के दौरान तत्काल प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
रुद्रप्रयाग पुलिस एवं फायर सर्विस द्वारा श्री केदारनाथ यात्रा मार्ग पर अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी एवं निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों एवं यात्रा से जुड़े प्रतिष्ठानों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
*नन्दा न्यूज:रुद्रप्रयाग।*

