पटेल नगर में पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई—सब्जी मंडी के पास सट्टा खिलाते आरोपी को दबोचा, ₹3,220 नकद और सट्टा सामग्री बरामद,
देहरादून। अवैध गतिविधियों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के सख्त निर्देशों का असर अब लगातार धरातल पर दिखाई दे रहा है। एसएसपी ने सभी अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसी अभियान के तहत पटेल नगर पुलिस ने अवैध सट्टेबाजी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी के निर्देश पर थाना क्षेत्रों में लगातार चलाए जा रहे सघन चेकिंग एवं सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस को 29 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि निरंजनपुर सब्जी मंडी के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से सट्टा खिला रहा है।
सूचना मिलते ही पटेल नगर पुलिस टीम ने बिना देरी किए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से दानिश पुत्र लियाकत अली, निवासी निरंजनपुर सब्जी मंडी, थाना पटेल नगर, उम्र 30 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।
“सट्टा खिलाने के लिए इस्तेमाल हो रही थी सब्जी की ठेली”
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मंडी के पास सब्जी की ठेली लगाता है और जल्द पैसा कमाने के लालच में लोगों को सट्टा खिलाने लगा था। वह लोगों से सट्टा लगवाता था और जीतने वाले व्यक्ति की धनराशि में से अपना कमीशन काटकर बाकी रकम उसे देता था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टा पर्चियां और ₹3,220 की नकदी बरामद की। मामले में आरोपी के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
“एसएसपी के निर्देश पर लगातार कार्रवाई”
दून पुलिस की यह कार्रवाई साफ तौर पर बताती है कि अवैध सट्टेबाजी, जुआ और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस अभियान लगातार जारी है। एसएसपी देहरादून द्वारा अधीनस्थों को अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे तत्वों की पहचान कर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई से एक और सट्टेबाजी का मामला पकड़ में आया है। पुलिस का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
#गिरफ्तार आरोपी:
दानिश पुत्र लियाकत अली, निवासी निरंजनपुर सब्जी मंडी, थाना पटेल नगर, उम्र 30 वर्ष।
#बरामदगी:
– सट्टा पर्चियां
– ₹3,220 नकद
#पुलिस टीम:
– कांस्टेबल हरमिंदर
– कांस्टेबल चमन
रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून
नंदा न्यूज़

