ब्रेकिंग न्यूज़

सुद्धोवाला में “विधायक सहदेव सिंह पुंडीर” की जनसेवा की पहल, मातृ-शिशु कल्याण को मिला संबल,

‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम में विधायक ने बढ़ाया सेवा का हाथ, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान और महिलाओं-बच्चों को बांटीं कल्याणकारी किट

देहरादून। सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में जनकल्याण और सेवा कार्यों को प्राथमिकता देते हुए विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने ग्राम पंचायत सुद्धोवाला में आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ में सहभागिता कर मातृ एवं शिशु कल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों को गति दी।

‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत सुद्धोवाला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र-1 एवं आंगनबाड़ी केंद्र-2 में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने महिलाओं, बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से सीधे संवाद किया। इस दौरान उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सेविकाओं के समर्पण और सेवाभाव को सम्मानित करते हुए उनके योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम में विधायक व प्रधान निधि गैरोला की मौजदूगी में माताओं की गोदभराई की रस्म भी संपन्न कराई गई। इसके साथ ही बच्चों को उपहार वितरित किए गए तथा पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट और गर्भवती महिलाओं को पोषण किट प्रदान की गई।

विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य किसी भी स्वस्थ और सशक्त समाज की मजबूत नींव है। महिलाओं और बच्चों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं का लाभ जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना सरकार और जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ऐसे सेवा कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक सहयोग और संवेदनशील जनसेवा का संदेश पहुंचता है।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के पोषण, गर्भवती माताओं की देखभाल तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं विकास को लेकर भी जागरूकता पर जोर दिया गया। विधायक ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि वे जमीनी स्तर पर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को परिवारों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य कर रही हैं।

सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने मातृ-शिशु कल्याण, पोषण और महिला सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। कार्यक्रम में प्रधान निधि गैरोला स्थानीय जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, महिलाओं और क्षेत्रवासियों ने सहभागिता की।

रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

नंदा न्यूज़ | नंदान्यूज.in

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *