ब्रेकिंग न्यूज़

सहसपुर और विकासनगर पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में नशा तस्करों पर दून पुलिस का शिकंजा, दो तस्कर गिरफ्तार,

11.52 ग्राम स्मैक बरामद, कीमत 3.70 लाख रुपये से अधिक; दोनों आरोपी पहले भी एनडीपीएस मामलों में जा चुके हैं जेल, तस्करी में इस्तेमाल बाइक सीज,

देहरादून। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दून पुलिस ने नशा तस्करी में लिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सहसपुर और विकासनगर पुलिस की अलग-अलग कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 11.52 ग्राम स्मैक बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 3.70 लाख रुपये से अधिक बताई गई है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को भी सीज किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 29 सितंबर को सहसपुर और विकासनगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को स्मैक के साथ दबोचा।

सहसपुर में आम के बगीचे से 5.92 ग्राम स्मैक बरामद

कोतवाली सहसपुर पुलिस ने जामन खाता रोड स्थित आम के बगीचे से सूरज चौहान पुत्र सुभाष चौहान, उम्र 49 वर्ष, निवासी बालूवाला, सहसपुर को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 5.92 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ सहसपुर थाने में मु0अ0सं0 249/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में आरोपी का पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में जेल जाना सामने आया है।

आरोपी के आपराधिक इतिहास में मु0अ0सं0 06/2021, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट तथा मु0अ0सं0 60/2022, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट शामिल हैं।

विकासनगर में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आरोपी

वहीं, कोतवाली विकासनगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान नहर पटरी, कुल्हाल के पास से आरिफ उर्फ विलाल पुत्र यासीन, उम्र 30 वर्ष, निवासी मटक माजरी, कुल्हाल को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से 5.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.70 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली विकासनगर में मु0अ0सं0 300/2026, धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है। आरोपी द्वारा तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को पुलिस ने सीज कर दिया है।

आरोपी के आपराधिक इतिहास में मु0अ0सं0 260/2025, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट तथा वर्तमान मामले का मुकदमा दर्ज है।

दून पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में लिप्त आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की यह कार्रवाई नशे के नेटवर्क पर शिकंजा कसने और मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के अभियान का हिस्सा है।

रिपोर्टिंग — महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *