ब्रेकिंग न्यूज़

उपभोक्ता सुरक्षा एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए यूपीसीएल का विशेष अभियान

देहरादून। उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के निर्देशानुसार उपभोक्ताओं को सुरक्षित, निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए विद्युत वितरण खंड मोहानपुर द्वारा पिछले कुछ दिनों से विशेष विद्युत सुरक्षा एवं सुदृढ़ीकरण अभियान चलाया जा रहा है। विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र में एक-एक विद्युत पोल का निरीक्षण किया गया तथा जर्जर एवं क्षतिग्रस्त पोलों को चिन्हित कर आवश्यकतानुसार नए पोल लगाए गए एवं मरम्मत कार्य कराया गया। यह अभियान प्रेमनगर एवं आसपास के क्षेत्रों के साथ बिधौली, कण्डोली, सुद्धोवाला, मेहूंवाला माफी, शिमला बाईपास, बूड्डीगांव, गणेशपुर, नयागांव, भाऊवाला, माण्डूवाला, नौगांव, राजावाला एवं रामपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों में चलाया गया।
विद्युत आपूर्ति को और अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनाने के लिए नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने के साथ आवश्यकता वाले स्थानों पर ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की गई। वहीं कई स्थानों पर पुरानी नंगी तारों को हटाकर कवर्ड कंडक्टर लगाए गए तथा विद्युत लाइनों के संपर्क में आ रही पेड़ों की शाखाओं की आवश्यकतानुसार लॉपिंग-चॉपिंग कराई गई। विद्युत वितरण खंड मोहानपुर द्वारा किए जा रहे इन कार्यों का उद्देश्य प्रत्येक उपभोक्ता तक सुरक्षित, विश्वसनीय एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति पहुंचाना है। विभाग द्वारा विद्युत व्यवस्था की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जा रहे हैं। सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, निर्बाध आपूर्ति और बेहतर उपभोक्ता सेवा यूपीसीएल की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *