देहरादून: देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र के तपोवन में मंगलवार को दिनदहाड़े एक घर में घुसकर बदमाशों ने बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद खून से सने कपड़ों में भाग रहे एक संदिग्ध युवक को स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके पास से कुछ सोने के आभूषण बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर तपोवन स्थित विष्णुलोक कॉलोनी में स्थानीय लोगों ने एक युवक को खून से सने कपड़ों में भागते हुए देखा। संदेह होने पर लोगों ने उसका पीछा कर उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से कुछ सोने के आभूषण मिले। पूछताछ में युवक कथित तौर पर लोगों को एक घर तक ले गया, जहां बुजुर्ग दंपती और उनकी नौकरानी खून से लथपथ हालत में पड़े मिले।
घटना की सूचना तत्काल रायपुर थाना पुलिस को दी गई। दिनदहाड़े एक ही घर में तीन लोगों की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक बुजुर्ग दंपती में से एक ओएफडी से सेवानिवृत्त बताए जा रहे हैं। उनके बेटे बाहर रहते हैं। प्रारंभिक जानकारी में यह भी सामने आया है कि पिछले दिनों बुजुर्ग दंपती के घर में कुछ लोगों द्वारा रंग-रोगन का काम किया गया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच के दायरे में रखते हुए वारदात के कारणों और आरोपियों की भूमिका की पड़ताल कर रही है।
पुलिस ने पकड़े गए संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात के बाद तपोवन और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
![]()

