ब्रेकिंग न्यूज़

रुद्रप्रयाग में देर रात भूकंप के झटकों से मची हलचल, प्रशासन अलर्ट—जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य,

रुद्रप्रयाग में देर रात भूकंप के झटकों से मची हलचल, प्रशासन अलर्ट—जिले में स्थिति पूरी तरह सामान्य

रुद्रप्रयाग। जनपद रुद्रप्रयाग में मंगलवार देर रात करीब 10:23 बजे भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिसके बाद कुछ देर के लिए लोगों में हलचल देखने को मिली। हालांकि राहत की बात यह रही कि भूकंप के बाद जिले के किसी भी हिस्से से जनहानि, पशुहानि या किसी प्रकार के बड़े नुकसान की सूचना नहीं मिली है।

भूकंप के झटके महसूस होते ही जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र तत्काल सक्रिय हो गया। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC), रुद्रप्रयाग ने जनपद की सभी तहसीलों से संपर्क स्थापित कर स्थिति की जानकारी ली। प्रशासन की ओर से संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख स्थानों की स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।

वहीं एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देशन में पुलिस कंट्रोल रूम भी तत्काल सक्रिय हुआ। पुलिस ने दूरभाष और वायरलेस सेट के माध्यम से जनपद के सभी थानों एवं चौकियों से संपर्क कर भूकंप के बाद की स्थिति का जायजा लिया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों से प्राप्त सूचनाओं को जुटाकर स्थिति की निगरानी की।

प्रशासन और पुलिस से प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार, जनपद के किसी भी हिस्से से अभी तक जनहानि अथवा पशुहानि की कोई सूचना नहीं है। इसके अलावा आवासीय भवनों, सार्वजनिक संपत्तियों, सड़कों अथवा अन्य महत्वपूर्ण अवसंरचना को नुकसान पहुंचने की भी जानकारी सामने नहीं आई है।

फिलहाल रुद्रप्रयाग में स्थिति सामान्य, शांत और पूरी तरह नियंत्रण में बताई जा रही है। प्रशासन और पुलिस विभाग द्वारा एहतियात के तौर पर लगातार निगरानी की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि भूकंप को लेकर किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास न करें और सोशल मीडिया पर अपुष्ट सूचनाएं साझा करने से बचें। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभागों को तत्काल सूचना देने की अपील की गई है।

नंदा न्यूज़ की अपील: भूकंप के दौरान घबराने के बजाय शांत रहें, सुरक्षित स्थान पर जाएं और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें।

नन्दा न्यूज रुद्रप्रयाग

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *