देहरादून में रिश्तों का कत्ल! नशे में धुत बेटे ने पिता पर चाकू से किया जानलेवा हमला, अस्पताल में तोड़ा दम
एसएसपी देहरादून की सख्ती के बीच राजपुर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 62 वर्षीय पिता की मौत के मामले में 35 वर्षीय आरोपी पुत्र गिरफ्तार,
नंदा न्यूज़ : देहरादून
देहरादून। राजधानी देहरादून में एक ऐसी दर्दनाक वारदात सामने आई है, जिसने पारिवारिक रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। जिस बेटे से बुढ़ापे में पिता के सहारे की उम्मीद होती है, उसी बेटे पर अपने पिता की जान लेने का आरोप है। पारिवारिक कलह और नशे की हालत में हुए विवाद ने इतना हिंसक रूप ले लिया कि बेटे ने घर की रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से अपने ही पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल पिता ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद देहरादून पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया।
“पारिवारिक विवाद ने लिया खूनी रूप, पिता पर चाकू से हमला”
पुलिस मीडिया सेल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना 9 नवंबर 2026 की शाम करीब 7:15 बजे थाना राजपुर क्षेत्र के चालंग, कुल्हन, सहस्त्रधारा रोड की है। पुलिस कंट्रोल रूम को 112 के माध्यम से सूचना मिली कि नितिन राणा ने अपने पिता मदन राणा पर चाकू से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजपुर पुलिस टीम के साथ बिना देरी किए घटनास्थल पर पहुंचे। घायल 62 वर्षीय मदन राणा पुत्र धर्म सिंह राणा को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से कोरोनेशन अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
‘नशे में पिता से हुई कहासुनी, गुस्से में उठाया खौफनाक कदम’

पुलिस की पूछताछ में आरोपी नितिन राणा ने बताया कि वह नशे का आदी है और उसका अपने परिजनों के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। घटना के दिन भी वह नशे की हालत में था। इसी दौरान पिता मदन राणा के साथ उसकी कहासुनी हो गई। पुलिस के अनुसार, पिता द्वारा डांटे जाने से आरोपी गुस्से और उत्तेजना में आ गया।
इसके बाद आरोपी ने घर की रसोई में रखे सब्जी काटने वाले चाकू को उठाकर अपने पिता पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में मदन राणा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार में मचे घटनाक्रम के बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन जिंदगी और मौत के बीच चल रही जंग में आखिरकार उनकी सांसें थम गईं।
***एसएसपी के नेतृत्व में दून पुलिस की त्वरित कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार,
घटना की सूचना मिलते ही राजपुर पुलिस ने तत्काल मोर्चा संभाला। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने आवश्यक साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने आरोपी नितिन राणा को घटनास्थल से ही हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
***गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण:
– नाम: नितिन राणा
– पिता: धर्म सिंह राणा
– उम्र: 35 वर्ष
– निवासी: ग्राम चालंग, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून।
***नशे और पारिवारिक कलह का खौफनाक परिणाम***
यह घटना केवल एक परिवार की त्रासदी नहीं, बल्कि नशे की लत और पारिवारिक विवादों के हिंसक परिणामों की गंभीर तस्वीर भी सामने लाती है। जिस पिता ने अपने बेटे को जीवनभर सहारा दिया, उसी पिता पर बेटे द्वारा चाकू से हमला किए जाने की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है।
फिलहाल राजपुर पुलिस मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाकर वैधानिक कार्रवाई कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद अब मामले की विवेचना के दौरान घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जाएगी।
