प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य समेत वरिष्ठ नेताओं ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना; आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश,
नंदा न्यूज़ : देहरादून
थराली (चमोली)। प्रदेश सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान के तहत शुक्रवार को थराली क्षेत्र पंचायत सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई और स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को लेकर तीखा हमला बोला। कार्यक्रम के दौरान थराली विधानसभा क्षेत्र के 100 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की, जिसे पार्टी ने क्षेत्र में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम बताया।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा ने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की मौजूदा सरकार को सत्ता से हटाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच जाकर सरकार की नाकामियों को उजागर करना होगा। शैलजा ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने में विफल रही है। हालात ऐसे हैं कि जनता को अपनी मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए सड़कों पर उतरकर आंदोलन करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि जिस सरकार के कार्यकाल में जनता को सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़े, उसे सत्ता में बने रहने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कांग्रेस की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) लागू करने का भी भरोसा कार्यकर्ताओं और जनता को दिलाया।
प्रदेश में माफिया राज और भ्रष्टाचार का आरोप,

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने अपने संबोधन में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रदेश में भ्रष्टाचार का बोलबाला है और खनन माफिया, भू-माफिया तथा शराब माफिया हावी हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि सरकार के खिलाफ जनमत तैयार करते हुए प्रत्येक क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को मजबूत करें और आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटें।
### महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर उठाए सवाल,
नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में अराजकता का माहौल है। उन्होंने महिलाओं और स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और आरोप लगाया कि प्रदेश में महिलाओं तथा मासूम बच्चियों के खिलाफ अपराध की घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनी हुई हैं। उन्होंने सरकार से कानून व्यवस्था को लेकर जवाबदेही तय करने की मांग उठाई।
हरक सिंह रावत बोले— सरकार आने तक नहीं पहनूंगा फूल-माला
डॉ. हरक सिंह रावत ने अपने संबोधन में कहा कि उनके खिलाफ विभिन्न मामलों में आरोप लगाने और उन्हें घेरने के प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन वह खुद को पाक-साफ मानते हैं। उन्होंने संकल्प व्यक्त करते हुए कहा कि जब तक प्रदेश में कांग्रेस की सरकार नहीं बनती, तब तक वह अपने गले में फूल-माला नहीं डालेंगे। उनके इस बयान को आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस के राजनीतिक संकल्प और संघर्ष के संदेश के रूप में देखा गया।
**** 100 से अधिक लोगों ने थामा कांग्रेस का हाथ *****

कार्यक्रम के दौरान थराली विधानसभा क्षेत्र के 100 से अधिक लोगों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे हस्ताक्षर अभियान को गांव-गांव और क्षेत्र-क्षेत्र तक पहुंचाया जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने दावा किया कि जनता के बीच सरकार के प्रति असंतोष बढ़ रहा है और आगामी विधानसभा चुनावों में इसका असर देखने को मिलेगा।
बैठक में बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पूर्व विधायक करन महरा, पूर्व विधायक ललित फरसवाण, प्रो. जीतराम, कर्णप्रयाग से मुकेश नेगी, जिलाध्यक्ष सुरेश डिमरी, पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र रावत, थराली प्रमुख प्रवीण पुरोहित, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता रावत, जिला महिला अध्यक्ष उषा रावत, नंदा नगर ज्येष्ठ उप प्रमुख हीरा सिंह बिष्ट, जिला महामंत्री सुखबीर रोतेला, प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव गांधी पंचायती राज संगठन महेश शंकर त्रिकोटी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन थराली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष विनोद रावत ने किया।
