पुताई के काम के बहाने घर पहुंचा था आरोपी, मौका मिलते ही जेवरात पर किया हाथ साफ
देहरादून। एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में दून पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रायपुर क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का खुलासा किया है। पुलिस ने चोरी के आरोप में 39 वर्षीय नीरज खंतवाल को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से करीब छह लाख रुपये कीमत के चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 को गंगोत्री विहार, कैनाल रोड निवासी अक्षय अहलुवालिया ने अपने घर से आभूषण चोरी होने की शिकायत थाना रायपुर में दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून ने पुलिस टीम को जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद रायपुर पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। संदिग्धों के संबंध में जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया। पुलिस के अनुसार, 17 अक्टूबर को सूचना मिली कि चोरी की घटना में शामिल संदिग्ध व्यक्ति चोरी के आभूषणों के साथ मंदाकिनी विहार स्थित कण्डोली ग्राउंड के पास खड़ा है और जेवरात बेचने की फिराक में है।
सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और नीरज खंतवाल को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई गई है।
“पुताई के बहाने घर पहुंचा, मौका देखकर की चोरी”
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पुताई का काम करता है और इसी काम के सिलसिले में शिकायतकर्ता के घर गया था। इसी दौरान मौका देखकर उसने घर से आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस का कहना है कि आरोपी चोरी के जेवरात बेचने के लिए बाहर जाने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
बरामद आभूषणों में दो पीली धातु और एक सफेद धातु की डायमंड अंगूठी, पीली धातु का एक कान का टॉप्स तथा पीली धातु के एक जोड़ी झुमके शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी नशे का आदी है और उसके विरुद्ध पूर्व में आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
“कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम”
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक दीपक द्विवेदी, चौकी प्रभारी मयूर विहार, सहायक उपनिरीक्षक ए.के. बलूनी सहित हेड कांस्टेबल रविंद्र रावत, दीप प्रकाश, प्रेम पवार तथा कांस्टेबल मुकेश कंडारी, मनोज और दीपक शामिल रहे।
देहरादून पुलिस का कहना है कि अपराध और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान जारी रहेगा।
ऐसी ताजी खबरों के लिए हमारे पेज नंदा news.in को फॉलो करें
