ब्रेकिंग न्यूज़

जिला चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण,

### जिला चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण, नवजात शिशु वार्ड एसएनसीयू का भी लिया जायजा

 

फायर टीम ने अस्पताल कर्मियों को दिया अग्निशमन उपकरणों के संचालन का प्रशिक्षण, आपातकालीन निकास मार्गों और सुरक्षा इंतजामों की जांच की

नंदा न्यूज़ :रुद्रप्रयाग

रुद्रप्रयाग। जिला चिकित्सालय में अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम ने मंगलवार को अस्पताल का अग्नि सुरक्षा ऑडिट किया। पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशों पर अग्निशमन अधिकारी शंकर चंद रमोला के नेतृत्व में पहुंची टीम ने अस्पताल में उपलब्ध अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अस्पताल में लगाए गए अग्निशमन उपकरणों, उनकी उपलब्धता, आपातकालीन निकास मार्गों तथा अन्य सुरक्षा इंतजामों की जांच की गई। विशेष रूप से नवजात शिशुओं की देखभाल के लिए संचालित स्पेशल न्यूबॉर्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) का भी निरीक्षण किया गया। यहां आग लगने जैसी आपात स्थिति में नवजात शिशुओं को सुरक्षित रखने और तत्काल बचाव कार्रवाई के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।

इस दौरान फायर टीम ने चिकित्सालय के अधिकारियों और कर्मचारियों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए आग से बचाव के आवश्यक उपायों की जानकारी दी। साथ ही फायर एक्सटिंग्विशर के सही इस्तेमाल और संचालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। कर्मचारियों को बताया गया कि आग लगने की स्थिति में शुरुआती समय बेहद महत्वपूर्ण होता है और सही तरीके से अग्निशमन उपकरणों का उपयोग कर दुर्घटना को गंभीर रूप लेने से रोका जा सकता है।

पुलिस प्रशासन ने जनपद के सभी संस्थानों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने, अग्निशमन उपकरणों को हमेशा क्रियाशील रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की अपील की है।

 

नंदा न्यूज़ | रुद्रप्रयाग

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *