डिजिटल अरेस्ट, फर्जी ट्रेडिंग और मैट्रिमोनियल फ्रॉड से बचने के बताए तरीके, नशे और सड़क सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक
रुद्रप्रयाग। साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आमजन को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा जनपदभर में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार, 17 अक्टूबर 2026 को पुलिस मुख्यालय के निर्देशों पर संचालित साइबर सुरक्षा अभियान 2.0 एवं साइबर जागरूकता माह के अंतर्गत कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस टीम ने राजकीय इंटर कॉलेज बसुकेदार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को साइबर ठगी के नए तरीकों, उनसे बचाव के उपायों और सुरक्षित ऑनलाइन व्यवहार की जानकारी दी गई।
पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सोशल मीडिया अकाउंट सुरक्षित रखने, प्रोफाइल लॉक करने, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय करने और अपनी निजी जानकारी अनजान व्यक्तियों के साथ साझा न करने की सलाह दी।
डिजिटल अरेस्ट और ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी से रहें सावधान,
पुलिस टीम ने बताया कि साइबर अपराधी पुलिस, सीबीआई, कस्टम या अन्य सरकारी एजेंसियों का अधिकारी बनकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते हैं और धनराशि की मांग करते हैं। ऐसे फोन कॉल और वीडियो कॉल से घबराने के बजाय सतर्क रहने तथा किसी भी स्थिति में पैसे ट्रांसफर नहीं करने की अपील की गई।
इसके साथ ही फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म, व्हाट्सएप वीआईपी ग्रुप और कम समय में अधिक मुनाफा दिलाने वाली निवेश योजनाओं के प्रति भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। मैट्रिमोनियल फ्रॉड के संबंध में बताया गया कि जालसाज शादी का प्रस्ताव देकर महंगे उपहार या कस्टम शुल्क के नाम पर लोगों से पैसे ऐंठ सकते हैं। इसलिए किसी भी ऑनलाइन परिचय पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
पुलिस ने साइबर वित्तीय धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने और आधिकारिक वेबसाइट www.cybercrime.gov.in के माध्यम से शिकायत करने की जानकारी भी दी।
नशे से दूर रहने और यातायात नियमों के पालन का संदेश,

जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को नशीले पदार्थों के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए नशे से दूर रहने तथा खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
वहीं, यातायात सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने और सड़क पर यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई।
रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा ऑनलाइन निवेश में अधिक मुनाफे के लालच से बचें। पुलिस ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय सतर्कता और जागरूकता है। स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल समाज के निर्माण में सहयोग करें।
नंदा न्यूज़ | ताज़ी खबरों के लिए देखते रहिए नंदा न्यूज़।
