ब्रेकिंग न्यूज़

एसएसपी देहरादून का अपराधियों पर करारा प्रहार!

एसएसपी देहरादून का अपराधियों पर करारा प्रहार!

ऋषिकेश में मोबाइल शोरूम चोरी का बड़ा खुलासा, चार शातिर गिरफ्तार,

शटर तोड़कर लाखों का माल उड़ाने वाले गिरोह का पर्दाफाश;

30 मोबाइल, तीन लैपटॉप और एक आईपैड बरामद।

दो मोटरसाइकिलें सीज, गिरफ्तार आरोपियों में दो का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड।

 

नंदा न्यूज़ : मीडिया सेल देहरादून, दिनांक 10 नवंबर 2026।

ऋषिकेश। देहरादून जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ एसएसपी देहरादून की सख्ती का असर लगातार दिखाई दे रहा है। चोरी, लूट और आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वालों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान तेज हो गया है। इसी कड़ी में ऋषिकेश पुलिस ने मोबाइल शोरूम में हुई लाखों रुपये की चोरी का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।

चोरों ने ऋषिकेश-हरिद्वार मार्ग स्थित गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड को निशाना बनाते हुए दुकान का शटर तोड़कर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर हाथ साफ कर दिया था। लेकिन वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पुलिस की नजरों से बच नहीं सके। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और पुलिस की लगातार निगरानी के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 30 मोबाइल फोन, तीन एचपी लैपटॉप, एक एप्पल आईपैड और एक नीले रंग का बैग बरामद किया है। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया गया है।

“एसएसपी के निर्देश पर हरकत में आई पुलिस, तीन दिन में खुला चोरी का राज”

मामला 6 नवंबर 2026 का है। शिवाजी नगर ऋषिकेश निवासी अश्वनी पुत्र हरिहर प्रसाद गुप्ता ने कोतवाली ऋषिकेश में शिकायत दर्ज कराई थी कि गीतानगर गली नंबर-10 के बाहर स्थित उनकी गुप्ता मोबाइल वर्ल्ड दुकान का शटर तोड़कर अज्ञात चोर लाखों रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए हैं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने तत्काल कोतवाली ऋषिकेश पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के माल की बरामदगी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। संदिग्धों की गतिविधियों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। साथ ही पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे संदिग्धों का सत्यापन कर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।

पुलिस की इसी रणनीति ने आखिरकार कामयाबी दिलाई। 9 नवंबर को नटराज चौक के पास मनसा देवी फाटक के निकट बाईपास रोड पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर चारों आरोपियों को चोरी के माल सहित दबोच लिया गया।

“गिरफ्तार चारों आरोपियों की पहचान”

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन दास (19 वर्ष), निवासी रायवाला; अभिषेक थापा (20 वर्ष), निवासी प्रतीत नगर रायवाला; योगेंद्र उर्फ दीपक (26 वर्ष), निवासी अहबाबनगर, ज्वालापुर हरिद्वार तथा रोहन (20 वर्ष), निवासी लालतप्पड़, डोईवाला के रूप में की है।

चोरी का सामान बरामद, दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस के कब्जे में

पुलिस की बरामदगी इस कार्रवाई का अहम हिस्सा रही। आरोपियों के कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 30 मोबाइल फोन, एचपी कंपनी के तीन लैपटॉप, एप्पल कंपनी का एक आईपैड और दुकान से चोरी किया गया नीले रंग का बैग बरामद हुआ है।

वारदात में इस्तेमाल की गई दो काले रंग की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने सीज की हैं। इनके पंजीकरण नंबर UK-14-M-4271 और UK-08-BE-5611 हैं।

दो आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड, पहले भी जा चुके हैं जेल,

इस मामले में पुलिस के लिए एक महत्वपूर्ण तथ्य यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक थापा और रोहन का पूर्व में भी चोरी की घटनाओं में आपराधिक इतिहास रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, अभिषेक थापा के विरुद्ध वर्ष 2024 और 2025 में चोरी से संबंधित चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं रोहन के विरुद्ध वर्ष 2021, 2022, 2023, 2024 और 2025 में चोरी से संबंधित पांच मुकदमे दर्ज बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। ऐसे में इस गिरोह की गिरफ्तारी को ऋषिकेश क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।

कोतवाली ऋषिकेश और एसओजी की संयुक्त टीम ने किया खुलासा,

इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली ऋषिकेश यशपाल सिंह बिष्ट और एसओजी प्रभारी निरीक्षक खुशीराम पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी, उपनिरीक्षक अमित कुमार, राजकुमार, हेड कांस्टेबल संदीप राठी, विपिन सैनी तथा कांस्टेबल सौरभ चौहान, संदीप छावड़ी, रमेश मैठाणी, सौरभ वालिया, तेज सिंह, अभिषेक, दिनेश मेहर, नवनीत, सोनी और मनोज शामिल रहे।

अपराधियों के लिए साफ संदेश—दून पुलिस की नजर से बचना मुश्किल,

ऋषिकेश में मोबाइल शोरूम चोरी का खुलासा पुलिस की सक्रियता और समन्वित कार्रवाई का उदाहरण है। जिस तरह सीसीटीवी फुटेज से सुराग जुटाकर मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और चोरी का अधिकांश सामान बरामद किया गया, उससे पुलिस की जांच कार्रवाई को मजबूती मिली है।

एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में अपराधियों के विरुद्ध जारी अभियान के बीच इस कार्रवाई ने एक बार फिर स्पष्ट संदेश दिया है कि जनपद में चोरी और आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वालों के खिलाफ पुलिस सख्त रुख अपनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *