ब्रेकिंग न्यूज़

नशे के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस की राष्ट्रीय मुहिम, 12 सदस्यीय बाइक रैली गुजरात रवाना,

‘मेरी शुरुआत खुद से’ अभियान के तहत एडीजी वी. मुरुगेशन ने दिखाई हरी झंडी, राष्ट्रीय एकता दिवस पर एकता नगर में होने वाली परेड में शामिल होगा पुलिस दल

देहरादून, 17 अक्टूबर। नशा-मुक्त समाज के निर्माण और युवाओं को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तराखंड पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर जनजागरूकता की मुहिम तेज कर दी है। राष्ट्रीय एकता दिवस-2026 के अवसर पर ‘Fight Against Drugs’ यानी नशे के खिलाफ लड़ाई की थीम पर आयोजित राष्ट्रीय मोटरसाइकिल रैली में प्रतिभाग करने के लिए उत्तराखंड पुलिस का 12 सदस्यीय दल शनिवार को गुजरात के लिए रवाना हुआ। पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेशन ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया। इस अवसर पर ‘मेरी शुरुआत खुद से’ थीम के अंतर्गत नशा-मुक्ति का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने और समाज को नशा-मुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर नशा-मुक्ति का संदेश,

राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित इस राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य देशभर में नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाना और युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना है। इस अभियान की नोडल एजेंसी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) है। उत्तराखंड पुलिस का 12 सदस्यीय मोटरसाइकिल दल विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेगा।

कार्यक्रम में एडीजी वी. मुरुगेशन ने कहा कि यह मोटरसाइकिल यात्रा राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक होने के साथ ही मादक पदार्थों के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने दल के सदस्यों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और उत्तराखंड पुलिस की गरिमा के अनुरूप आचरण करने के निर्देश दिए।

31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय परेड में होगा प्रतिभाग

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, उत्तराखंड पुलिस का दल देहरादून से हरिद्वार होते हुए नई दिल्ली पहुंचेगा। यहां 21 अक्टूबर को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक से उत्तरी जोन के दलों को संयुक्त रूप से रवाना किया जाएगा। इसके बाद विभिन्न राज्यों से गुजरते हुए मोटरसाइकिल रैली 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के एकता नगर पहुंचेगी, जहां राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह और परेड में दल प्रतिभाग करेगा।

यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर पुलिसकर्मी स्थानीय नागरिकों, छात्र-छात्राओं और युवाओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान नशे के शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए लोगों को नशा-मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

एक हजार लोगों ने ली नशा-मुक्ति की शपथ,

पुलिस लाइन देहरादून में आयोजित जनजागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 300 छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों सहित लगभग एक हजार लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने नशे से दूर रहने और समाज को नशा-मुक्त बनाने में योगदान देने की शपथ ली।

इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में विशेषज्ञों ने नशे के मानसिक एवं शारीरिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। डॉ. शिल्पी अरोड़ा ने नशे से होने वाले नुकसान के बारे में बताया। इसके बाद विद्यार्थियों के साथ संवाद और प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी जिज्ञासाएं रखीं।

कार्यक्रम स्थल पर स्थापित ‘नशा मुक्त उत्तराखण्ड–मेरी शुरुआत खुद से’ सेल्फी पॉइंट भी युवाओं और विद्यार्थियों के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। इसके माध्यम से लोगों को व्यक्तिगत संकल्प से नशा-मुक्त समाज की शुरुआत करने का संदेश दिया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी रहे मौजूद,

कार्यक्रम में पुलिस महानिरीक्षक दूरसंचार एवं अग्निशमन विम्मी सचदेवा, पुलिस महानिरीक्षक एवं निदेशक यातायात कृष्ण कुमार वी.के., पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था/साइबर नीलेश आनंद भरणे, पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक सुनील कुमार मीणा, पुलिस उपमहानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था धीरेन्द्र गुंज्याल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून, पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण सहित विभिन्न क्षेत्रों के पुलिस अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

उत्तराखंड पुलिस की यह पहल युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने, आमजन की भागीदारी बढ़ाने और नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। ‘मेरी शुरुआत खुद से’ का मूल संदेश यही है कि नशे के खिलाफ बदलाव की शुरुआत प्रत्येक व्यक्ति को स्वयं से करनी होगी।

नन्दा न्यूज:देहरादून

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *