ब्रेकिंग न्यूज़

लेखक गाँव से हुआ ‘अंतर्राष्ट्रीय योग अभियान’ का शुभारम्भ, योग दिवस पर लिया स्वस्थ समाज का संकल्प

देहरादून। हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज, डोईवाला एवं स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में देश के प्रथम लेखक गाँव, थानो (देहरादून) में 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षकों, चिकित्सकों, कर्मचारियों, छात्र-छात्राओं तथा स्थानीय जनमानस ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ, संतुलित एवं सकारात्मक जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री, प्रख्यात साहित्यकार एवं लेखक गाँव के संस्थापक डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ सामूहिक योगाभ्यास से हुआ, जिसमें हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के योग विभाग के प्रोफेसर डॉ. आशीष डोभाल ने आयुष मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार उपस्थित सभी प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
अपने प्रेरक संबोधन में डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने कहा कि योग भारत की सनातन सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत है, जिसने आज संपूर्ण विश्व को स्वास्थ्य, संतुलन और आत्मिक उन्नयन का मार्ग प्रदान किया है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय की एक संपूर्ण जीवन पद्धति है। वर्तमान समय में योग तनावमुक्त, स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों को प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का संकल्प दिलाया।
इस अवसर पर संस्थान के अध्यक्ष प्रो. प्रदीप भारद्वाज ने कहा कि योग स्वस्थ समाज, सशक्त राष्ट्र और जागरूक मानवता के निर्माण का आधार है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में कार्यरत संस्थाओं की जिम्मेदारी है कि वे योग और भारतीय ज्ञान परंपरा को जन-जन तक पहुँचाएं।
कार्यक्रम के दौरान एक महत्वपूर्ण संकल्प लिया गया कि लेखक गाँव से जुड़ी संस्थाएं स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय एवं हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेल प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को लेखक गाँव परिसर में अंतर्राष्ट्रीय योग अभियान संचालित करेंगी। इस अभियान के अंतर्गत नियमित योगाभ्यास, ध्यान साधना, स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम तथा विशेष योग कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा योग को वैश्विक जनआंदोलन बनाने, स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने तथा योग को जन-जन तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों और उनके दृष्टिकोण को भी समाज के बीच प्रसारित किया जाएगा। इस अभियान में देश एवं विदेश के योग साधकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों तथा आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।
कार्यक्रम का सफल संयोजन हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के स्वस्थवृत्त एवं योग विभाग द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में डॉ. निशांत राय जैन, डॉ. भाग्य लक्ष्मी, डॉ. विपिन भट्ट, डॉ. गजानंद सहित अनेक शिक्षकों एवं कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. राकेश सुंदरियाल, हिमालयीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. जी.एस. इन्दौरिया, डॉ बेचैन कन्डियाल, संयुक्त निदेशक प्रदीप कोठियाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षाविद, चिकित्सक, योग साधक, छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *