*लोकेशन- रुड़की- होटल में सेना के जवान का शव मिलने से सनसनी*
रुड़की में उस समय हड़कंप मच गया जब रोडवेज बस अड्डे के पास स्थित एक होटल के कमरे से सेना के एक जवान का शव बरामद हुआ। जवान पिछले कई दिनों से होटल में ठहरा हुआ था। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर होटल कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम और सेना के अधिकारियों की मौजूदगी में कमरे की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। मामला रुड़की रोडवेज बस अड्डे के समीप स्थित एक होटल का है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान 40 वर्षीय कमलदीप सिंह निवासी गौरधारा हल्द्वानी के रूप में हुई है, जो भारतीय सेना में जवान थे। बताया गया है कि वह 14 जून से होटल में ठहरे हुए थे। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर होटल कर्मचारियों ने कई बार दरवाजा खटखटाया लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने होटल प्रबंधन की मदद से डुप्लीकेट चाबी से कमरे का दरवाजा खोला तो जवान मृत अवस्था में मिले। कमरे की तलाशी में सेना का पहचान पत्र और अन्य दस्तावेज बरामद हुए जिससे उनकी पहचान की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। सेना के अधिकारियों को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।पुलिस ने मृतक के मोबाइल से परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन फोन पैटर्न लॉक होने के कारण शुरुआत में संपर्क नहीं हो सका। इसी दौरान मोबाइल पर आए एक कॉल के माध्यम से परिचितों और फिर परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। सीओ ओशिन जोशी का कहना है कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की हर एंगल से जांच जारी है।
*(ओशिन जोशी (सीओ रुड़की)*

