पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान लगातार आगे बढ़ रहा है। देहरादून के कैरी गांव स्थित सैनिक कॉलोनी में आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रिपोर्ट:महिपाल सिंह नेगी
प्रकृति केवल हमारे जीवन का आधार ही नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी धरोहर भी है। बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते वन क्षेत्र जैसी चुनौतियों के बीच पर्यावरण संरक्षण का संदेश लेकर कैरी गांव की सैनिक कॉलोनी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
नन्दा न्यूज से बातचीत में भाजपा शिवालिक नगर मंडल के उपाध्यक्ष जयवीर सिंह राणा ने कहा की सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के साथ आज कैरी गांव की सैनिक कॉलोनी में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर प्राप्तहुआ।
पर्यावरण की रक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि CLEAN & GREEN ENVIRONMENT SOCIETY के अध्यक्ष राम कपूर के साथ इस अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण का संदेश दिया गया।
इस अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति के मन में प्रकृति के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित करना है।
इस अवसर पर सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर, सैनिक कॉलोनी के अध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, भाजपा शिवालिक नगर मंडल उपाध्यक्ष जयवीर सिंह राणा, मंडल मंत्री आनंद सिंह गड़िया तथा क्षेत्र की सम्मानित मातृशक्ति और बुद्धिजीवी नागरिक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने लोगों से अपील की कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित करे, तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान एक जनआंदोलन बन सकता है और आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण, शुद्ध वायु तथा सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा।
नन्दा न्यूज, देहरादून।

