देहरादून। समाज के प्रत्येक वर्ग तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने के उद्देश्य से गौतम बुद्ध चिकित्सा महाविद्यालय एवं सम्बद्ध डॉ. के.के.बी.एम. सुभारती अस्पताल, झाझरा द्वारा अल ज़हरा एजुकेशन सोसाइटी, ग्राम पंचायत शीशम बाड़ा, ब्लॉक विकासनगर में एक निःशुल्क बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के लगभग 120 से अधिक ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण एवं विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श का लाभ उठाया।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिकों को उनके घर के निकट ही विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना, विभिन्न रोगों की प्रारम्भिक पहचान करना तथा समय पर उपचार के प्रति जागरूक करना था। शिविर में बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों, वरिष्ठ नागरिकों एवं बच्चों ने सहभागिता करते हुए अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का परीक्षण कराया।
शिविर में जनरल मेडिसिन, शिशु रोग एवं ईएनटी विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान सामान्य रोगों, मौसमी बीमारियों, बच्चों की स्वास्थ्य समस्याओं तथा कान, नाक एवं गले से संबंधित रोगों की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। सभी मरीजों को आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं तथा जिन रोगियों को विस्तृत जांच एवं उच्च स्तरीय उपचार की आवश्यकता थी, उन्हें सुभारती अस्पताल में उपचार हेतु रेफर किया गया।
शिविर में जनरल फिजिशियन डॉ. वी.डी. सेमवाल, शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अमृत राज तथा ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. ईशान चौधरी ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएँ प्रदान कीं। उनके साथ स्टाफ नर्स सुश्री अंजलि, फार्मासिस्ट सुश्री कविता, मार्केटिंग टीम से श्री अंशुल धीमान एवं श्री राहुल पंवार तथा सहायक कर्मचारी शिवा ने भी शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। शिविर का समन्वयन श्री सन्नी कुमार द्वारा किया गया।
अस्पताल प्रशासन से (प्रचार-प्रसार प्रमुख) डॉ प्रशांत कुमार भटनागर ने बताया कि सुभारती अस्पताल ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित रूप से ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रहा है, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध हो सके। संस्थान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाकर स्वस्थ समाज के निर्माण में अपना योगदान देना है।
अल ज़हरा एजुकेशन सोसाइटी, ग्राम पंचायत शीशम बाड़ा एवं स्थानीय ग्रामीणों ने इस शिविर को सफल बनाने में मिले सहयोग के लिए सुभारती अस्पताल व पुरी टीम का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के जनकल्याणकारी स्वास्थ्य कार्यक्रमों के आयोजन की प्रतिबद्धता कि।

