सेलाकुई में ड्यूटी के दौरान करंट लगने से जान गंवाने वाले लाइनमैन मनीष के परिवार वाले हादसे के बाद आज बिजली विभाग के सेलाकुई कार्यालय में सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर के नेतृत्व में मृतक परिवार, ग्राम प्रधान शेरपुर, और ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मुलाकात की।
बैठक में मृतक परिवार को आर्थिक राहत, सरकारी नौकरी और पेंशन उपलब्ध कराने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। चर्चा के बाद विभाग ने मृतक मनीष की धर्मपत्नी संगीता को सरकारी नौकरी देने और पेंशन की सुविधा प्रदान करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही विभाग की ओर से 4 लाख रुपये तथा संबंधित ठेकेदार की ओर से 8 लाख रुपये की आर्थिक अनुग्रह राशि देने पर सहमति बनी। वहीं सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार से भी परिवार को हरसंभव अतिरिक्त राहत दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
मृतक मनीष अपने पीछे पत्नी संगीता, पांच बेटियों और एक छोटे बेटे को छोड़ गए हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी 16 वर्ष की है और जबकि सबसे छोटा बेटा अभी करीब डेढ़ वर्ष का है। परिवार पर आए इस दुख के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बैठक के बाद मृतक परिवार और ग्रामीणों ने उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लिए जाने पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर और विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
नंदा न्यूज की ओर से दिवंगत मनीष को भावभीनी श्रद्धांजलि और शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं।
महिपाल सिंह नेगी, नंदा न्यूज, सेलाकुई।

