“देहरादून में कड़ी सुरक्षा, पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश”
‘वीवीआईपी रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक चप्पे-चप्पे पर नजर, ड्रोन उड़ाने पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध,
देहरादून। जनपद देहरादून में 19 और 20 अगस्त को प्रस्तावित वीवीआईपी कार्यक्रम को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया है। वीवीआईपी की सुरक्षा को लेकर मंगलवार को पुलिस लाइन देहरादून में सुरक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की उच्चाधिकारियों ने विस्तृत ब्रीफिंग की।
ब्रीफिंग के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक कानून-व्यवस्था वी. मुरुगेशन, पुलिस महानिरीक्षक एसटीएफ नीलेश आनंद भरणे और पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अधिकारियों ने पुलिस बल को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित ड्यूटी समय से तीन घंटे पूर्व अपने ड्यूटी प्वाइंट पर पहुंचें और संबंधित प्रभारी अधिकारी से आवश्यक जानकारी प्राप्त करें। साथ ही ड्यूटी स्थल और उसके आसपास के क्षेत्रों को पहले से अच्छी तरह चेक करने के निर्देश दिए गए हैं।
वीवीआईपी रूट और कार्यक्रम स्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। रूट पर स्थित हाईराइज इमारतों में रहने वाले लोगों का सत्यापन करने के साथ-साथ पानी की टंकियों, फ्लाईओवर और अन्य संवेदनशील स्थानों की बीडीएस तथा डॉग स्क्वॉड टीमों से सघन जांच कराई जाएगी।
कार्यक्रम स्थल में प्रवेश केवल अधिकृत व्यक्तियों और वाहनों को ही सुरक्षा जांच एवं फ्रिस्किंग के बाद दिया जाएगा। वीवीआईपी से मिलने वाले व्यक्तियों पर भी सुरक्षा एजेंसियों की विशेष नजर रहेगी और पूर्व निर्धारित व्यक्तियों को ही एंटी-सबोटाज जांच के बाद कार्यक्रम स्थल में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने और बिना अनुमति ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ने के सख्त निर्देश दिए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही सामने आने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वीवीआईपी भ्रमण के दौरान कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि प्रतिबंधित क्षेत्र में किसी भी व्यक्ति को ड्रोन संचालन की अनुमति न दी जाए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की चूक न हो, इसके लिए रूट से लेकर कार्यक्रम स्थल तक हर स्तर पर निगरानी और चेकिंग व्यवस्था को मजबूत रखा जाएगा।
ब्रीफिंग में डीआईजी कानून-व्यवस्था धीरेंद्र गुंज्याल सहित ड्यूटी में नियुक्त राजपत्रित अधिकारी और पुलिस कर्मचारी मौजूद रहे।
नंदा न्यूज | देहरादून
“देहरादून में कड़ी सुरक्षा, पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश”

