ब्रेकिंग न्यूज़

मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल के प्रयासों से नरेंद्रनगर में तकनीकी शिक्षा को नई उड़ान

नरेंद्रनग/देहरादून। नरेंद्रनगर विधानसभा क्षेत्र के लिए तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि सामने आई है। मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल के प्रयासों से नरेंद्रनगर में उच्च स्तरीय इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी शिक्षा के नए अवसरों का मार्ग प्रशस्त हुआ है। शासन स्तर पर लिए गए निर्णय के क्रम में नरेंद्रनगर स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक को “गवर्नमेंट इंटीग्रेटेड इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी, नरेंद्रनगर” के रूप में विकसित करते हुए इसी शैक्षणिक सत्र से इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे।
इस निर्णय से नरेंद्रनगर सहित आसपास के क्षेत्रों के विद्यार्थियों को आधुनिक एवं रोजगारपरक तकनीकी शिक्षा के लिए बेहतर अवसर अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध होंगे। शासनादेश के अनुसार नरेंद्रनगर स्थित संस्थान को तकनीकी विश्वविद्यालय के कैंपस के रूप में संचालित किया जाएगा। प्रथम चरण में आवश्यक आधारभूत संरचना के निर्माण के लिए व्यय राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाएगा। साथ ही संस्थान में आवश्यक भवन, कक्ष, प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय एवं अन्य सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित की जाएंगी। पाठ्यक्रमों के संचालन के लिए 18 शिक्षण पदों का सृजन किया गया है, जिसमें 2 प्रोफेसर, 4 एसोसिएट प्रोफेसर और 12 असिस्टेंट प्रोफेसर शामिल हैं। इसके अतिरिक्त 6 गैर-शिक्षण पद भी स्वीकृत किए गए हैं।
मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल ने कहा कि नरेंद्रनगर को शिक्षा और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में एक मजबूत केंद्र के रूप में विकसित करना उनकी प्राथमिकताओं में रहा है। आधुनिक तकनीकी शिक्षा की सुविधा क्षेत्र में उपलब्ध होने से स्थानीय युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ-साथ भविष्य के रोजगार के लिए बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। नरेंद्रनगर में तकनीकी शिक्षा के इस नए अध्याय को क्षेत्रीय विकास और युवाओं के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सुबोध उनियाल के नेतृत्व में क्षेत्र में शिक्षा, आधारभूत सुविधाओं और युवाओं के लिए नए अवसरों को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। शासनादेश सचिव, तकनीकी शिक्षा विभाग डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा द्वारा जारी किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *