ब्रेकिंग न्यूज़

दोहरे हत्याकांड का आरोपी जमानत रद्द होने के बाद भी था फरार, दून पुलिस ने सहारनपुर से दबोचा

दोहरे हत्याकांड का आरोपी जमानत रद्द होने के बाद भी था फरार, दून पुलिस ने सहारनपुर से दबोचा

देहरादून। दोहरे हत्याकांड के मामले में जमानत मिलने के बाद लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहने और जमानत निरस्त होने के बावजूद न्यायालय में सरेंडर न करने वाले आरोपी को दून पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। थाना क्लेमेंटटाउन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए थाना नागल, सहारनपुर के हिस्ट्रीशीटर आरोपी शाहबाज को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जनपद से दबोचा।

पुलिस के मुताबिक वर्ष 2023 में क्लेमेंटटाउन क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड के मामले में वादी मोहतसीम की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 71/2023, धारा 302 भादवि के तहत मामला दर्ज किया गया था। इसी मुकदमे में शाहबाज को गिरफ्तार किया गया था। अप्रैल 2025 में नैनीताल हाईकोर्ट से शर्तों के आधार पर जमानत मिलने के बाद आरोपी सहारनपुर में रहने लगा।

पुलिस का आरोप है कि जमानत पर बाहर आने के बाद शाहबाज ने जनपद सहारनपुर में वादी और गवाहों को धमकाने तथा धोखाधड़ी से जमीन बेचने समेत अन्य आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया। इन मामलों में थाना नागल, सहारनपुर में भी उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज हुए। लगातार आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए अगस्त 2025 में अपर जिला मजिस्ट्रेट सहारनपुर के आदेश पर उसे छह माह के लिए जिला बदर भी किया गया था।

इसी बीच जमानत की शर्तों के उल्लंघन और लगातार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता के मामले को गंभीरता से लेते हुए नैनीताल हाईकोर्ट ने उसकी जमानत निरस्त कर संबंधित न्यायालय में सरेंडर करने के आदेश दिए। इसके बावजूद आरोपी न्यायालय में पेश नहीं हुआ और लगातार फरार चल रहा था।

एसएसपी देहरादून के निर्देश पर क्लेमेंटटाउन पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी और सुरागरसी शुरू की। पुलिस को मुखबिर से शाहबाज के सहारनपुर में मौजूद होने की सूचना मिली। सूचना पर टीम ने सहारनपुर पहुंचकर दबिश दी और 23 अगस्त 2026 को आरोपी शाहबाज पुत्र शहजाद, निवासी चहलौली, थाना नागल, जनपद सहारनपुर, उम्र 27 वर्ष को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस की इस कार्रवाई को फरार और आपराधिक प्रवृत्ति के आरोपियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक और अहम सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में अपर उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल भूपेंद्र कुमार और हेड कांस्टेबल राजीव कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *