ब्रेकिंग न्यूज़

“सड़क पर हुड़दंग और मारपीट करने वालों की खैर नहीं, दून पुलिस ने 4 को किया गिरफ्तार”

देहरादून। सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट, अभद्रता और हुड़दंग कर शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की कार्रवाई का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है।

*प्रेमनगर में विवाद बढ़ाने पर एक गिरफ्तार*

प्रेमनगर कोतवाली क्षेत्र के सैनिक कॉलोनी, झाझरा में दो पक्षों के बीच विवाद और हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के अनुसार, अफजल नामक व्यक्ति स्थानीय लोगों से विवाद करते हुए मारपीट पर उतारू था। समझाने के बावजूद स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और अफजल को धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अफजल पुत्र तौफीक, निवासी ग्रीन पार्क कॉलोनी रुड़की, हाल निवासी सैनिक कॉलोनी झाझरा, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई है।

*विकासनगर में वायरल वीडियो बना कार्रवाई का आधार*

वहीं, विकासनगर में मुख्य बाजार में तीन युवकों द्वारा अभद्रता और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए हुड़दंग किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। विकासनगर पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए युवकों की पहचान की और तीनों को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक दुपहिया वाहन भी सीज किया है।

गिरफ्तार युवकों की पहचान युवराज शर्मा (20), अभिषेक (21) और ओजस शर्मा (25) के रूप में हुई है।

दून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बिगाड़ने, मारपीट अथवा हुड़दंग करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सार्वजनिक शांति भंग करने वालों को किसी भी स्तर पर लापरवाही का मौका नहीं दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *