त्रिवेणी घाट पर अकेली घूमती मिली बालिका, पुलिस की तत्परता से सकुशल पिता को सौंपा
ऋषिकेश। घर से नाराज होकर निकली एक नाबालिग बालिका को ऋषिकेश पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके परिजनों से सकुशल मिला दिया। त्रिवेणी घाट पर अकेली घूमती मिली बालिका को चीता पुलिसकर्मियों ने तत्काल थाने पहुंचाया और पूछताछ के बाद उसके परिजनों से संपर्क किया।
पुलिस के अनुसार, 31 अगस्त को त्रिवेणी घाट क्षेत्र में पुलिस टीम को नाबालिग बालिका अकेली घूमती हुई मिली थी। बालिका ने पूछताछ में बताया कि वह घर से नाराज होकर निकल आई थी। पुलिस ने संवेदनशीलता के साथ उससे जानकारी जुटाई और उसके बताए पते के आधार पर परिजनों से संपर्क किया।

आवश्यक सत्यापन की कार्रवाई पूरी करने के बाद बालिका को सकुशल उसके पिता के सुपुर्द कर दिया गया। बेटी को सुरक्षित देखकर परिजनों ने राहत की सांस ली और ऋषिकेश पुलिस की तत्परता एवं संवेदनशील कार्यशैली के लिए आभार जताया।
पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह संदेश दिया है कि कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जरूरतमंदों की मदद और बिछड़े लोगों को उनके अपनों तक पहुंचाना भी पुलिस की मानवीय जिम्मेदारी का अहम हिस्सा है।
पुलिस टीम: उपनिरीक्षक निखलेश बिष्ट, कांस्टेबल सोहन एवं कांस्टेबल हिमांशु।

