ब्रेकिंग न्यूज़

एसएसपी दून के निर्देश पर सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का जागरूकता अभियान, 100 वाहन चालकों को बांटे निशुल्क हेलमेट

देहरादून। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एसएसपी देहरादून के निर्देश पर दून पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा अभियान चला रही है। इसी क्रम में यातायात पुलिस देहरादून ने ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के सहयोग से दिलाराम चौक पर सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का प्रयोग नहीं करने वाले वाहन चालकों को यातायात नियमों के महत्व और हेलमेट की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। निरीक्षक यातायात ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना केवल कानूनी आवश्यकता ही नहीं, बल्कि सड़क दुर्घटना की स्थिति में सिर में होने वाली गंभीर चोटों से बचाव के लिए बेहद जरूरी है।

उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के साथ-साथ अपने परिवार की जिम्मेदारी को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक यात्रा के दौरान अनिवार्य रूप से मानक हेलमेट का प्रयोग करें।

अभियान के दौरान बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले चालकों के विरुद्ध यातायात नियमों के तहत चालान की कार्रवाई भी की गई। साथ ही, जागरूकता अभियान के तहत 100 वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए गए।

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

दून पुलिस की अपील

दून पुलिस ने आमजन से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक स्वयं और पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी मानक हेलमेट अवश्य पहनाएं। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *