तेज रफ्तार में थार दौड़ाकर स्टंट और सिगरेट के कश लगाते हुए हुड़दंग का वीडियो हुआ था वायरल, चालक समेत तीन हिरासत में—वाहन सीज
देहरादून। सार्वजनिक मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से महेन्द्र थार दौड़ाकर हुड़दंग करना चालक समेत तीन लोगों को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए देहरादून पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पुलिस ने थार के चालक समेत वाहन में सवार दो युवतियों को हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की है। संबंधित महेन्द्र थार को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया है।
मामला बल्लूपुर-चकराता रोड क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में दिनांक 11/12 सितंबर 2026 की रात करीब 1:25 बजे एक काले रंग की महेन्द्र थार को सार्वजनिक मार्ग पर तेज एवं लापरवाही से चलाते हुए दिखाया गया। वीडियो में वाहन की सनरूफ खोलकर दो युवतियों को बाहर निकलकर सिगरेट के कश लगाते और हुड़दंग करते हुए भी देखा गया।
पुलिस के मुताबिक, इस तरह की लापरवाही न केवल वाहन में सवार लोगों बल्कि सड़क पर आवाजाही कर रहे अन्य लोगों के जीवन के लिए भी खतरा पैदा कर सकती थी।
वायरल वीडियो सामने आने के बाद एसएसपी देहरादून ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे व्यक्तियों के खिलाफ प्रभावी वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए। जांच के दौरान वायरल वीडियो में दिखाई दे रही थार का नंबर UK-07-HN-7668 सामने आया।
इसके बाद पुलिस ने वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई और 12 सितंबर 2026 को थार के चालक समेत उसमें सवार दोनों युवतियों को हिरासत में लिया। पुलिस ने तीनों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए संबंधित वाहन को एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया।
#हिरासत में लिए गए व्यक्तियों का विवरण,
– सोनू कुमार, निवासी ब्राह्मण मोहल्ला, रायपुर, देहरादून — वाहन चालक
– पूनम, निवासी सेलाकुई, देहरादून
– लक्ष्मी रावत, निवासी सोनप्रयाग, रुद्रप्रयाग
#सीज वाहन,
महेन्द्र थार, ब्लैक कलर — नंबर UK-07-HN-7668
देहरादून पुलिस की इस कार्रवाई से साफ संदेश है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट, तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर दूसरों की जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी।
रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी, देहरादून

