होटल-ढाबों से लेकर सार्वजनिक स्थानों तक सघन चेकिंग, शराब पीने-पिलाने वालों पर भी पुलिस की पैनी नजर,
रुद्रप्रयाग। जिले में कानून-व्यवस्था और आमजन की सुरक्षा को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस ने शाम ढलते ही मोर्चा संभाल लिया। एसपी रुद्रप्रयाग के निर्देश पर 19 सितंबर की शाम और रात्रि में जिलेभर में व्यापक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस टीमों ने प्रमुख मार्गों, होटल-ढाबों और सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाई।
अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और पिलाने वालों के साथ-साथ हुड़दंग करने वालों पर भी पुलिस की नजर रही। वहीं यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले और नियमों की अनदेखी कर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।

पुलिस की इस कार्रवाई का प्रमुख फोकस नशे में वाहन चलाने वालों पर रहा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब के नशे में ड्राइविंग किसी एक व्यक्ति की लापरवाही भर नहीं है, बल्कि इससे सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती है। ऐसे मामलों में पुलिस किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है।
शाम से देर रात तक चले अभियान के दौरान पुलिस की टीमें अलग-अलग स्थानों पर सक्रिय रहीं। सार्वजनिक स्थानों पर शराबखोरी, नशे में वाहन चलाने और हुड़दंग जैसी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए पुलिस की निगरानी लगातार जारी है।
रुद्रप्रयाग पुलिस का संदेश साफ है—सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
आप देख रहे हैं: नन्दा न्यूज
Nandanews.in पेज को फोलो करें

