नारायणबगड़
40 साल बाद फिर गूंजा नैणी देवी का जयघोष, डुंगी में विधिवत शुरू हुई ऐतिहासिक देवरा यात्रा
नारायणबगड़। संस्कृत ग्राम जेठूलवार डुंगी में रविवार को नैणी देवी (नागिनी माता) की देवरा यात्रा का 40 वर्षों बाद विधिवत शुभारंभ हुआ। क्षेत्रपाल देवता भूम्याल और अशुलदौण के मंदिर आगमन के साथ धार्मिक अनुष्ठानों की शुरुआत हुई। इस ऐतिहासिक अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु डुंगी पहुंचे और मां नैणी देवी के दर्शन कर आशीर्वाद लिया।
देवरा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर घटस्थापना अनुष्ठान विधि-विधान और मंत्रोच्चारण के साथ संपन्न कराया गया। ब्रह्ममुहूर्त में हरिबल्लभ सती, पुजारी प्रकाश चंद्र सती सहित अन्य आचार्यों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

बताया गया कि अनुष्ठान के बाद 40 वर्ष पूर्व जमीन में दबाए गए नागिनी माता के घट को बाहर निकाला गया। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ घट का स्वागत किया। नैणी भूमि से लाए गए देवी के घट को विधि-विधान के साथ नैणी देवी मंदिर जेठूलवार में स्थापित किया गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु मौजूद रहे। लंबे अंतराल के बाद शुरू हुई देवरा यात्रा को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह और धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला।
“चार दशक का इंतजार खत्म… डुंगी में फिर निकली नैणी देवी की देवरा यात्रा, जयकारों से गूंजा पूरा क्षेत्र।”
नंदा न्यूज़ | नारायणबगड़
रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी

