श्रद्धालुओं को ऑनलाइन हेली टिकट दिलाने का झांसा देकर करता था ठगी, ऋषिकेश से गिरफ्तारी; कोर्ट ने भेजा जेल,
रुद्रप्रयाग। श्री केदारनाथ धाम यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक आरोपी को रुद्रप्रयाग पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने हेली टिकट बुकिंग का झांसा देकर एक श्रद्धालु से करीब 5 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार पुरसाड़ी, चमोली भेज दिया गया।
मामला कोतवाली गुप्तकाशी में दर्ज मुकदमा संख्या 29/2026, धारा 318(4) बीएनएस से संबंधित है। शिकायतकर्ता करण गुजराल निवासी पुणे, महाराष्ट्र ने हेली सेवा उपलब्ध कराने के नाम पर ऑनलाइन धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी राहुल थापा पुत्र स्वर्गीय राम थापा, निवासी शीशमबाड़ा, शेरपुर, देहरादून ने पैसों के लालच में श्रद्धालुओं को हेली टिकट उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाकर ऑनलाइन ठगी की।
#मोबाइल, बैंक दस्तावेज और कार्ड बरामद
पुलिस टीम ने आरोपी को ऋषिकेश से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन सिम कार्ड सहित, बैंक पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड, पैन कार्ड और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और बैंक संबंधी दस्तावेजों की जांच कर रही है।
पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा कुछ होटल संचालकों और हेली सेवा प्रदाता कंपनियों के संबंध में जानकारी दिए जाने की बात भी पुलिस ने बताई है। इन बिंदुओं पर विवेचना आगे जारी है।
#रुद्रप्रयाग पुलिस की श्रद्धालुओं से अपील
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि केदारनाथ धाम यात्रा के लिए हेली सेवा की बुकिंग केवल अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ही करें। किसी अनधिकृत वेबसाइट, सोशल मीडिया लिंक या अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर धनराशि ट्रांसफर न करें।
किसी भी लिंक या वेबसाइट की विश्वसनीयता की पुष्टि किए बिना ऑनलाइन भुगतान करने से बचें। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।
#पुलिस टीम:
– उपनिरीक्षक दिनेश सती, चौकी प्रभारी फाटा, कोतवाली गुप्तकाशी
– मुख्य आरक्षी जयप्रकाश, चौकी फाटा, कोतवाली गुप्तकाशी
नंदा न्यूज़ | रुद्रप्रयाग

