ब्रेकिंग न्यूज़

मयाली बाजार में शराब के नशे में हंगामा, पुलिस से भी भिड़े दो युवक,

दुकान में तोड़फोड़ और सामान फेंककर बिगाड़ी माहौल की शांति, समझाने पर भी नहीं माने; रुद्रप्रयाग पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार ।

रुद्रप्रयाग। जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग और लोक शांति भंग करने वालों के खिलाफ रुद्रप्रयाग पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में मयाली बाजार में शराब के नशे में हंगामा कर रहे दो व्यक्तियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोप है कि दोनों ने एक दुकान में जमकर हल्ला-गुल्ला किया, सामान और बर्तन इधर-उधर फेंके तथा दुकान में तोड़फोड़ करने के साथ ही दुकान स्वामी को धमकी दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद भी दोनों का हंगामा जारी रहा।

पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि मयाली बाजार स्थित एक दुकान में दो व्यक्ति शराब के नशे में लोक शांति भंग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही बाजार में यातायात ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड मौके पर पहुंचा और दोनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। इसके बाद चौकी प्रभारी जखोली अपर उपनिरीक्षक सोमवीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम ने दोनों व्यक्तियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि उन्होंने पुलिस की बात मानने के बजाय हंगामा जारी रखा।

पुलिस के मुताबिक, दोनों व्यक्ति दुकान में तोड़फोड़ करने लगे और दुकान स्वामी को धमकी देने लगे। इतना ही नहीं, उन्होंने पुलिस कर्मचारियों के साथ भी आमदा-फौजदारी होने का प्रयास किया। मौके की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।

लोक शांति भंग होने की आशंका पर कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्तियों के आचरण और मौके की परिस्थितियों से लोक शांति भंग होने तथा किसी संज्ञेय अपराध की संभावना को देखते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई की गई।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान कलम सिंह (40) पुत्र हुकम सिंह, निवासी ग्राम पौंठी, तहसील जखोली, रुद्रप्रयाग तथा जितेन्द्र सिंह (38) पुत्र पूरण सिंह, निवासी ग्राम पौंठी, तहसील जखोली, रुद्रप्रयाग के रूप में हुई है।

दोनों के विरुद्ध धारा 170/126/135/135(3) बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों का नियमानुसार मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें संबंधित धाराओं में माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

हुड़दंगियों पर पुलिस की सख्ती जारी

रुद्रप्रयाग पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने, हुड़दंग करने अथवा असामाजिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सार्वजनिक स्थानों पर शांति और सौहार्द बनाए रखें तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध या कानून व्यवस्था से जुड़ी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

रिपोर्टिंग: महिपाल सिंह नेगी | नंदा न्यूज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *